Wednesday, September 30, 2026
HomeHaryanaहरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर...

हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है – राज्य मंत्री गौरव गौतम

सोनीपत , 12 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने साई सेंटर परिसर में 100 फुट ऊंचे गगनचुंबी तिरंगे को फहराया और साई परिसर में भारत माता की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने जापान के लिए रवाना होने वाले तीरंदाजी और सेपक टकरा के खिलाड़ियों को पुष्प भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि साई सेंटर परिसर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा और गगनचुंबी तिरंगा खिलाड़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें देश की शान बनाए रखने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्होंने हाल ही में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा की बेटियों के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर पदक तालिका में हरियाणा को 12वें स्थान से सीधे चौथे स्थान पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि हरियाणा का हर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के बल पर देश के लिए गौरव हासिल करेगा।

उन्होंने जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने वाले तीरंदाजी और सेपक टकरा खेल से जुड़े खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने साई के अधिकारियों और कोचों का भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments