Thursday, October 1, 2026
HomeHaryanaएक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के बाहर बनाए जाएंगे रिंग...

एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के बाहर बनाए जाएंगे रिंग रोड, मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी

हरियाणा , 12 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम लोगों के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों और कस्बों के बाहर रिंग रोड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के कार्य को मंजूरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सचिवालय में राष्ट्रीय राजमार्ग से शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम करने के लिए मास्टर प्लान के तहत राज्य के योगदान के लिए वित्तीय मॉडल अपनाने को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री रणबीर गंगवा, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत बाहरी रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के लिए केंद्र सरकार की नीति के अनुरूप नीति तैयार की जाए, ताकि शहरों और कस्बों में यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित सड़कों को जल्द अमलीजामा पहनाया जा सके।

बैठक के दौरान केंद्र सरकार के लागत हिस्से के लिए वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया।

मुख्यमंत्री ने बैठक में हिसार बाईपास, कुरुक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जींद बाईपास और सोहना-पलवल बाईपास के निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान की। हिसार बाईपास हिसार-राजगढ़ रोड स्थित एनएच-52 से हिसार-दिल्ली रोड और हिसार-कैथल रोड को जोड़ने का कार्य करेगा। इसी प्रकार कुरुक्षेत्र-लाडवा बाईपास की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है। जल्द ही इस परियोजना पर भी कार्य शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारनौल सिटी बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा। लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को स्टेट हाईवे और एनएच-148बी से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जींद के दूसरी ओर बाहरी रिंग रोड और बाईपास पर एनएच-352 की चार लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। एनएच-919 से पलवल-सोहना बाईपास का भी पुनर्निर्माण और री-डिजाइन कर निर्माण किया जाएगा। यह चार लेन सड़क लगभग 24 किलोमीटर लंबी होगी। इन परियोजनाओं पर लगभग 9,700 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास को केएमपी लिंक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी के माध्यम से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा करनाल रिंग रोड के लिए भी भूमि शेयर जमा कर दिया गया है। अंबाला शहर और अंबाला कैंट को जोड़ने वाले रिंग रोड का कार्य भी निर्माणाधीन है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अलावा बैठक में रेवाड़ी-भटिंडा रेलवे लाइन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण तथा कनीना-महेंद्रगढ़ रोड से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुड़ीन, निंभेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड, महेंद्रगढ़-बुचौली रोड तथा नांगवास से अटेली सड़क के अतिरिक्त कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह, श्री अनुराग अग्रवाल, कमिश्नर एवं सचिव श्रीमती अशिमा बरार, श्री जे. गणेशन सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments