कुरुक्षेत्र, 14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कुरुक्षेत्र के प्रशासक एवं नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के प्लॉट धारकों के पुराने विवादों का निपटारा करने के लिए विवादों से समाधान योजना 2026 के तहत एक और अवसर दिया है। इस योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न सेक्टरों के पात्र आवंटियों को करोड़ों रुपए की महत्वपूर्ण छूट दी जाएगी। प्राधिकरण की इस योजना का पात्र लाभार्थी 31 दिसंबर 2026 तक लाभ उठा सकते है।
एचएसवीपी के प्रशासक एवं सीटीएम आशीष कुमार ने कहा कि यह योजना मुख्य रूप से प्लॉट एन्हांसमेंट से जुड़े विवादों के एकमुश्त निपटान के लिए लाई गई है। इसके दायरे में वे आवंटी भी शामिल हो सकेंगे जो प्राधिकरण की पिछली योजनाओं का लाभ उठाने से चूक गए थे। योजना का लाभ आवासीय प्लॉट्स, ग्रुप हाउसिंग साइट्स, संस्थागत (इंस्टीट्यूशनल) और औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) प्लॉट्स के आवंटी उठा सकते है। पात्र आवंटी अपने प्लॉट आईडी और पासवर्ड की मदद से एचएसवीपी के आधिकारिक पोर्टल वीएसएसएस.एचएसवीपी.ओआरजी.इन पर लॉगिन करके अपने लिए निर्धारित छूट राशि का ब्योरा देख सकते है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई आवंटी तय समय-सीमा के भीतर इस योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया का निपटान नहीं करता है, तो लागू नियमों और विधिक प्रावधानों के तहत संबंधित प्लॉट के पुन: अधिग्रहण की सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। किसी भी प्रकार की सहायता या विस्तृत जानकारी के लिए आवंटी अपने नजदीकी एचएसवीपी एस्टेट कार्यालय में संपर्क कर सकते है या पोर्टल के माध्यम से अपना अनुरोध दर्ज करा सकते है।






