फतेहाबाद,14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिला भाजपा कार्यालय उदय कमल में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती डॉ. अर्चना गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएं और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि बीजेपी का सेवा कार्यक्रम केवल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन तक सीमित न रहकर करीब एक महीने तक चलने वाला व्यापक अभियान होगा, जिसमें सेवा, सरकारी योजनाओं की पहुंच, जनभागीदारी और युवा इनोवेशन को प्रमुखता दी जाएगी। सामाजिक संस्थाएं समाज की वास्तविक जरूरतों को बेहतर ढंग से समझती हैं और जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचने का माध्यम बनती हैं। इसलिए सेवा संकल्प अभियान के दौरान संस्थाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, रक्तदान, पौधारोपण तथा अन्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष, परिश्रम, आत्मानुशासन और जनसेवा का उदाहरण है। उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता और सामाजिक संस्था को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना होना चाहिए।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जिले में अनेक जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, महिला एवं बाल स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
इस अवसर पर चेयरमैन स. बलदेव ग्रोहा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, जिला महामंत्री विकास ललोदा, अशोक जाखड़, जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, रामकुमार मेहरा, सविता टूटेजा, राममेहर धारसूल, सुभाष साहू, रणजीत ओड, इंद्र गावड़ी, सहित जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






