Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी श्री राम कथा के समापन समारोह में हुए...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी श्री राम कथा के समापन समारोह में हुए शामिल, कथा का किया श्रवण, यज्ञ में दी आहुति

खरड़, 15 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार देर रात श्री राम भवन, खरड़ में आयोजित श्री राम कथा के समापन समारोह में शामिल हुए और प्रभु श्री राम जी की दिव्य कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री राम भवन में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम जी का दिव्य चरित्र मानवीय मूल्यों, मर्यादा पालन, कर्तव्य निर्वहन, त्याग और दृढ़ आचरण का अनूठा आदर्श है। उनका पूरा जीवन हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहते हुए अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रभु श्री राम ने अपने जीवन और आचरण से समाज के सामने ऐसे आदर्श स्थापित किए, जो सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने हर परिस्थिति में मर्यादा, सत्य, धैर्य और धर्म का पालन किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि मनुष्य को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से विचलित नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम कथा केवल प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों का वर्णन नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों का संदेश भी देती है। श्री राम कथा के श्रवण से हमें अपने जीवन में सेवा, सद्भावना, दया, संयम और कर्तव्यपरायणता जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को एकता, भाईचारे तथा आपसी सम्मान के सूत्र में बांधने का मार्ग दिखाते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और देश के कल्याण में अपना योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री राम भवन में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने श्री राम कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments