कुरुक्षेत्र, 15 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा संकल्प अभियान 2026 की तैयारियों व सफल आयोजन को लेकर मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर में सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन हुआ। इसमें उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी और जिला अध्यक्ष रमेश सैनी ने चर्चाएं की।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के साथ जुड़कर कुरुक्षेत्र वासी विकसित भारत के दौरान अपने सपनों का कुरुक्षेत्र 2047 में कैसा होगा। इसकी परिकल्पना कर सकते हैं। सभी संस्थाएं, स्कूली बच्चे, आम नागरिक अपना अनुभव व आइडिया प्रशासन के साथ शेयर करें, ताकि कुरुक्षेत्र को उस स्तर पर विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को सुबह 7 बजे सभी विधानसभाओं में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन होगा, जो पूरा दिन चलेगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं शामिल होंगे। इसके बाद ब्रह्मसरोवर पर रंगोली, दीप दान किया जाएगा। आरती के बाद भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी उपमंडल स्तर पर अभियान को लेकर आदेश दिए जा चुके हैं। इस दिन सभी सरकारी बिल्डिंगों, तीर्थ स्थलों, मंदिर व गुरुद्वारा को भी सजाया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों को इन कार्यक्रमों में शामिल होने का न्यौता दिया।

हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सेवा संकल्प अभियान के कई कार्यक्रमों का कुरुक्षेत्र से शुभारंभ करेंगे। यहां पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। एक बड़ी रंगोली ब्रह्मसरोवर के पुरषोत्तपुरा बोग में बनाई जाएगी। इसके साथ ही ब्रह्मसरोवर की आरती, आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दिन एक भव्य ड्रोन शो का आयोजन होगा। ऐसा ड्रोन शो प्रदेश में इससे पहले कभी नहीं हुआ है। इसकी प्रशासन और सरकार की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को हम सब मिलकर उत्सव की तरह मनाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने संस्थाओं से सेवा संकल्प अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो भी संस्था जिस कार्य के लिए इस अभियान में जुड़ेगी, उसको सरकार व प्रशासन की तरफ से पूरा सहयोग दिया जाएगा। यदि वो संस्थाएं शहर से बाहर गांवों या अन्य विधानसभाओं में अपने योगदान को देना चाहती हैं तो इसके लिए उनसे सहयोग भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार एक दिन के रक्तदान शिविर में सबसे ज्यादा हुए रक्तदान के रिकार्ड को बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसे पूरा करने में सभी धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक सहित अन्य संस्थाएं अपने सहयोग से पूरा करें।
जिला अध्यक्ष रमेश सैनी ने पार्टी की तरफ से होने वाले कार्यक्रमों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में इस अभियान को चलाया जाएगा। हर गांव तक प्रधानमंत्री की सेवा व समर्पण के 25 सालों की उपलब्धियों को पहुंचाया जाएगा। कोई भी कार्य संस्थाओं के सहयोग के बिना पूरा होना संभव नहीं है।
इस मौके पर एडीसी पंकज सेतिया, एसडीएम पिहोवा डा.राहुल कनवारिया, एसडीएम थानेसर अमन कुमार, एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सैनी, उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच, चैयरपर्सन कंवलजीत कौर, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, साहिल सुधा, मलकीत ढांडा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






