कुरुक्षेत्र 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए सभी सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों द्वारा नो-मैपिंग तथा तार्किक विसंगति के तहत 11-लाडवा में 2852, शाहबाद-12(अ.जा.) में 32, थानेसर-13 में 4431 तथा पिहोवा-14 में 3078 अनुसार जिला में कुल 10393 नोटिस जारी किए गए है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिला के सभी मतदाताओं/आमजन से अपील करते हुए कहा कि जारी किए गए नोटिस के माध्यम से मांगे जाने वाले आवश्यक दस्तावेज सुनवाई के लिए निर्धारित तिथि पर स्वयं उपस्थित होकर जमा करवाए ताकि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे। यदि आपके द्वारा नोटिस अवधि के दौरान मांगे गए दस्तावेज जमा नहीं करवाए जाते है तो भारत निर्वाचन आयोग की निर्वाचक नियमावली के तहत कार्यवाही करते हुए आपका नाम मतदाता सूची से हट सकता है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी नोटिस के माध्यम से मांगे जाने वाले दस्तावेज जमा जरुर करवाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा द्वारा 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए 26 व 27 सितंबर 2026 को जिला के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर आमजन से दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए जिन पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतू आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।






