Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaविश्व शांति के प्रतीक हैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, 25 साल जनसेवा...

विश्व शांति के प्रतीक हैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, 25 साल जनसेवा को किए समर्पित: सुभाष बराला

टोहाना, 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वीरवार को टोहाना स्थित शिव नंदीशाला में गौ-सेवा एवं अन्य सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने क्षेत्रवासियों एवं गौ-सेवकों के साथ नंदीशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया तथा गायों को हरा चारा खिलाया। इस दौरान हरे चारे से तैयार किए गए केक को काटकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का अधिकांश समय राष्ट्र एवं जनसेवा को समर्पित किया है।

सांसद बराला ने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी की है। चाहे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल रहा हो या देश के प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने सदैव राष्ट्र प्रथम के मंत्र को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति मिली है और युवाओं के लिए नए अवसरों का सृजन हुआ है।

गौ-सेवा से दी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर टोहाना और आसपास के क्षेत्र के लोग शिव नंदीशाला में एकत्रित हुए हैं। यहां गौ-पूजन कर गायों को हरा चारा खिलाया गया। उन्होंने कहा कि हरे चारे को ही केक का स्वरूप देकर मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ केक काटने की रस्म पूरी की गई। उन्होंने कहा कि यह चारा गौ-माता की सेवा में ही उपयोग किया जाएगा और प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इससे बेहतर सेवा कार्य की कल्पना नहीं की जा सकती।

दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, फल व उपहार किए वितरित
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अपूर्वा फाउंडेशन में दिव्यांग बच्चों के साथ भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद सुभाष बराला ने बच्चों के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों को फल एवं उपहार भी वितरित किए गए। बच्चों ने भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा नगर मंडल द्वारा पैराडाइज मैरिज पैलेस में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रमन मड़िया के नेतृत्व में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

इस अवसर पर सांसद सुभाष बराला ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव जीवन को बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान जैसा सेवा कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी एवं सेवा भावना का परिचायक है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और अन्य लोगों को भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

नागरिकों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का किया आह्वान
सांसद सुभाष बराला ने क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आमजन से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने-अपने घरों में दीया जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करें।

उन्होंने कहा कि सभी लोग ईश्वर से प्रार्थना करें कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पर ईश्वर का आशीर्वाद बना रहे और उन्हें देशवासियों का प्यार एवं सहयोग निरंतर मिलता रहे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सहयोग एवं जनभागीदारी की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर शिव नंदीशाला प्रबंधन समिति के सदस्य, नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, जाखल नगरपालिका चेयरमैन विकास कामरा, मार्केट कमेटी जाखल के चेयरमैन जगजीत सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष रमन मड़िया, वेद जांगड़ा, रिंकू मान, अनिल भाटिया, जीवन बंसल, संदीप शर्मा, मनीष शर्मा, कृष्ण सैनी, अनिता मेहता, स्वीटी मेहता सहित भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में गौ-सेवक, रक्तदाता तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments