नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026 (हर्षप्रीत कौर): एप्पल के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की भारत में बिक्री शुरू होते ही एप्पल स्टोरों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नए आईफोन को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह नजर आया और कई लोग रात से ही स्टोरों के बाहर पहुंच गए थे। दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के एप्पल स्टोर के अलावा मुंबई के जियो वर्ल्ड ड्राइव और बेंगलुरु के एप्पल स्टोर के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग नए मॉडल खरीदने के लिए कतारों में खड़े रहे। बेंगलुरु में राहुल ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे स्टोर पर पहुंच गया था। उसके मुताबिक कतार में हरियाणा, दिल्ली और मुंबई से आए लोग भी शामिल थे। उसने कहा कि उसके लिए हर साल नए आईफोन की लॉन्चिंग एक त्योहार जैसी होती है। उसने अपना पहला आईफोन iPhone 7 खरीदा था और तब से लगातार नए मॉडल लेता आ रहा है।
मुंबई में नासिक से आए हितेश पटेल ने बताया कि वह पिछली रात 10 बजे से कतार में खड़ा था। उसने कहा कि उसे सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला है और वह iPhone 18 Pro Max खरीदने जा रहा है। उसके पास इस समय आईफोन17 Pro Max है और वह हर साल अपना फोन अपग्रेड करता है। कई अन्य ग्राहकों ने भी रात भर स्टोर के बाहर इंतजार करने की बात कही। कुछ ग्राहकों ने कहा कि वे बारकोड न होने के बावजूद कतार में खड़े रहे, क्योंकि वे नए आईफोन को सबसे पहले हासिल करना चाहते थे। अजय नाम के ग्राहक ने बताया कि उसने iPhone 18 Pro Max 1TB पहले ही प्री-बुक किया हुआ है और अब सिर्फ फोन प्राप्त करने का इंतजार कर रहा है। उसने कहा कि वह इस समय आईफोन17 Pro इस्तेमाल कर रहा है और नए 18 Pro में दिए गए फीचर्स को लेकर उत्सुक है।
टेक रिव्यूज से जुड़े सूरज चौहान ने भी नए मॉडल के लिए अपनी दिलचस्पी जाहिर की। उसने कहा कि उसने पिछले साल iPhone 17 Pro खरीदा था और इस बार आईफोन 18 Pro Max लेने के लिए स्टोर पहुंचा है। उसके मुताबिक नए फोन में कैमरा और क्वालिटी में और सुधार ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। भारत में आईफोन 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री शुक्रवार से शुरू हुई है। ग्राहक ये मॉडल एप्पल के ऑनलाइन स्टोर के अलावा देश भर के छह एप्पल रिटेल स्टोरों से खरीद सकते हैं। लॉन्च वाले दिन ग्राहकों की सुविधा के लिए भौतिक (फिजिकल) एप्पल स्टोर सुबह 8 बजे खुले और रात 10 बजे तक खुले रहने का प्रबंध किया गया। इस कारण सुबह से ही स्टोरों के बाहर आईफोन प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली।






