Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryana‘सेवा संकल्प’ अभियान के साथ गुरुग्राम में सेवा और जनकल्याण के एक...

‘सेवा संकल्प’ अभियान के साथ गुरुग्राम में सेवा और जनकल्याण के एक महीने लंबे अभियान का आगाज

गुरुग्राम, 18 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में देश सेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को गुरुग्राम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन रामनगर (फर्रूखनगर) स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित रक्तदान शिविर और एस.जी.टी. यूनिवर्सिटी के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुभारंभ किया।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में देश सेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आज से शुरू हो रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान के माध्यम से समाज सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश तीव्र गति से विकास और आर्थिक प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और विश्व भी भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और विकास की गति को स्वीकार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के साथ-साथ हर नागरिक का स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य जांच और रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे लोगों और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा की भावना से किया गया हर कार्य समाज को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनकल्याण के संकल्प को भी सार्थक करता है।

मंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में किसानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों को फसलों में अनावश्यक कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल से बचना चाहिए तथा सुरक्षित एवं संतुलित कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का असर मिट्टी और पर्यावरण के साथ-साथ खाद्य पदार्थों के जरिए लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसलिए लोगों को स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के लिए किसानों को भी जागरूकता के साथ खेती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ जैसे अभियानों का उद्देश्य केवल एक दिन कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की भावना को निरंतर मजबूत करना है। इस अवसर पर सर्वप्रिय त्यागी, अनिल सैनी, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, मानेसर के डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, मनीष सैदपुर और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments