कुरुक्षेत्र 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): दयानन्द महिला महाविद्यालय कुरुक्षेत्र में निर्वाचन कार्यालय द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. उपासना आहूजा ने की। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी थानेसर अमन कुमार के मार्गदर्शन निर्वाचन कार्यालय के मास्टर ट्रेनर सुनील मराठा ने छात्राओं को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया तथा आवश्यक पत्र भरने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने पात्र छात्राओं को मतदाता पंजीकरण फार्म भरने की प्रक्रिया समझाया। इसके साथ ही फार्म को सही ढंग से भरने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्राओं को स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता पंजीकरण और उसके महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उपासना आहुजा ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है। सभी अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं और भविष्य में बिना किसी भेदभाव या दबाव के अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करे। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही एक मजबूत और सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रवक्ता अमित और अनिल मैहला द्वारा नए वोट के फार्म-6 बांटे गए। कॉलेज की स्वीप व मतदाता क्लब की संयोजिका डॉ. नेहा द्वारा मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर में पहुंचने वालों का धन्यवाद किया।






