कुरुक्षेत्र 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): मंगलवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती पर श्रीलंका के प्रशासनिक अधिकारियों का एक दल पहुंचा। कुरुक्षेत्र पहुंचने पर जिला प्रशासन की तरफ से श्रीलंका दल का भव्य स्वागत किया गया। लघु सचिवालय में पहुंचने पर दल के सदस्यों के साथ एडीसी पंकज सेतिया की अध्यक्षता में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस बैठक में श्रीलंका दल के सदस्यों को कुरुक्षेत्र के भौगोलिक और ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। अहम पहलू यह है कि हरियाणा में राजस्व संबंधित कार्य और रोवर मशीन के माध्यम से जमीन की पैमाइश को देखने के लिए श्रीलंका का दल विशेष रुप से पहुंचा है।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के सीईओ पंकज सेतिया ने श्रीलंका के दल को जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा में राज्य सरकार द्वारा राजस्व विभाग के रिकॉर्ड को ऑनलाइन कर दिया गया है। हरियाणा में ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से पेपरलेस रजिस्ट्रियां की जा रही है और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह से डिजिटलाइज कर दिया गया है। इससे आमजन को कोई समस्या नहीं आ रही है। अतिरिक्त उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में श्रीलंका से आए 40 प्रशासनिक अधिकारियों के एक दल की एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सबसे पहले सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परिचय किया। एडीसी पंकज सेतिया ने कहा कि हरियाणा की राजस्व विभाग की साइट पर क्यूआर कोड भी आमजन के लिए उपलब्ध है, जिससे वे राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते है। कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से राजस्व विभाग की पूरी प्रणाली को प्रशासनिक अधिकारियों के सामने विस्तार से बताया गया।
कार्यशाला की नोडल अधिकारी एवं जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी ने बताया कि राजस्व विभाग से संबंधित जमीन का इंतकाल, जमाबंदी सहित संबंधित रिकॉर्ड ऑनलाइन देखा जा सकता है। उन्होंने राजस्व विभाग में तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी सहित संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में अब पेपरलेस रजिस्ट्रियां की जा रही है, जिसके तहत आमजन घर बैठे ही रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड कर रहा है और घर बैठे ही रजिस्ट्री तथा संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर रहा है। उन्होंने जमीन से संबंधित किला नंबर, खेवट नंबर, खसरा नंबर सहित जमाबंदी में किस तरह से इंतकाल का नंबर देखा जा सकता है, के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस मसूरी के प्रोफेसर डा. एपी सिंह, श्रीलंका दल के साथ राजस्व मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव लक्ष्मण पथमा कुमारा सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

श्रीलंकन दल ने सेक्टर-13 पुलिस स्टेशन, ब्रह्मसरोवर व गांव उमरी का किया भ्रमण
श्रीलंका से आए 40 प्रशासनिक अधिकारियों के दल ने कार्यशाला के उपरांत सेक्टर 13 पुलिस स्टेशन का अवलोकन किया। यहां पर पुलिस विभाग के अधिकारी ने पुलिस विभाग से संबंधित जानकारी तथा ऑनलाइन प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके उपरांत दल ने ब्रह्मसरोवर का अवलोकन भी किया। यहां पर केडीबी सीईओ पंकज सेतिया ने बताया कि इस ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, सूर्य ग्रहण तथा कई बड़े पर्वों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके उपरांत दल ने गांव उमरी का दौरा किया, यहां पर श्रीलंका दल को ग्राम सचिवालय की कार्यप्रणाली, रोवर से निशानदेही तथा सेटेलाइट सिस्टम की विस्तार से जानकारी दी गई।






