फतेहगढ़ साहिब, 24 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने बताया कि जिले में धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचते समय किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। जिले में 32 मंडियों को धान की खरीद के लिए खरीद केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और फसल की समय पर खरीद के लिए जिला प्रशासन द्वारा खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी।
डॉ. सोना थिंद ने जिले के किसानों से अपील की कि वे मंडियों में धान की सूखी फसल ही लेकर आएं, ताकि फसल की निर्बाध और सुचारू खरीद सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि किसान फसल की कटाई और मंडी में लाने से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करें, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी किसानों से धान की कटाई के बाद बचने वाली पराली और अन्य फसल अवशेषों को आग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने के बजाय इसका उचित प्रबंधन किया जाए और संभव हो तो इसे खेत की मिट्टी में ही मिला दिया जाए। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से जहां मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, वहीं वायु प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
उन्होंने किसानों से जिला प्रशासन द्वारा धान की खरीद और पराली प्रबंधन के संबंध में किए जा रहे प्रबंधों में सहयोग देने की अपील की।






