कुरुक्षेत्र 24 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसएस द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में कानूनी सेवा क्लिनिक के माध्यम से कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए की पैनल अधिवक्ता अनिता सैनी ने विद्यार्थियों को नालसा (आशा) जागरूकता, सहायता, मदद एवं कार्रवाई योजना 2025, जिसका उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन है, के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इसके साथ ही विद्यार्थियों को नालसा (जागृति) जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट रूरल इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव योजना 2025 के संबंध में भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को उपलब्ध करवाई जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। पात्र व्यक्ति अपनी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध विधिक सेवाओं तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।






