कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र द्वारा नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान नव नियुक्त अधिकारियों ने कुरुक्षेत्र जिले के युवा मंडलों एवं अन्य युवाओं के साथ संवाद स्थापित किया तथा युवा गतिविधियों, उनकी भागीदारी और क्षेत्र में युवा विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों ने उपायुक्त कुरुक्षेत्र से भेंट की। इस अवसर पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने, युवा मंडलों को सशक्त बनाने तथा जिले में युवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों ने मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईईटी परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित होने का अवसर मिला। इस दौरान युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नवनियुक्त जिला युवा अधिकारियों को जिले में युवा गतिविधियों के संचालन, युवा मंडलों के साथ समन्वय, युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मेरा युवा भारत के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नव नियुक्त अधिकारियों को जमीनी स्तर पर युवाओं से जुड़ने, उनकी आवश्यकताओं को समझने तथा युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने में सहायक सिद्ध होगा।






