शहीद की रचनाओं, विचारधारा और व्यक्तित्व पर होगी गोष्ठी, कवि दरबार एवं संगीत प्रस्तुतियां
पटियाला, 26 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): भाषा विभाग पंजाब द्वारा शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर 28 सितंबर को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। निदेशक भाषाएं सरदार जसवंत सिंह जफर ने बताया कि बसी गुज्जरां (रोपड़) में आयोजित होने वाले इस समारोह के दौरान जहां विद्वान शहीद भगत सिंह की रचनाओं, विचारधारा, शहादत और व्यक्तित्व पर विचार-विमर्श करेंगे, वहीं क्रांतिकारी रंग से भरपूर गीत-संगीत और कवि दरबार भी आयोजित किया जाएगा। यह समारोह आई.आर.सी.सी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, बसी गुज्जरां में सुबह 10 बजे शुरू होगा।
मालवा रूरल एजुकेशन सोसायटी बसी गुज्जरां (रोपड़) के सहयोग से आयोजित इस समारोह के दौरान इतिहास के प्रसिद्ध शोधकर्ता एडवोकेट सरबजीत सिंह विर्क ‘शहीद भगत सिंह की रचनाएं एवं व्यक्तित्व’ विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे। पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी काहन सिंह पन्नू समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष प्रो. बावा सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह के दूसरे चरण में कवि दरबार एवं गीत-संगीत का आयोजन होगा। प्रसिद्ध कवि सुरजीत जज, बलविंदर संधू, अवतारजीत, कुलविंदर कुल्ला, रविंदर रब्बी, मोहनी तूर, सलीम सिकंदर, सतपाल भीखी, संतोष सुखी, रमन संधू, सुशील दुसांझ और लाभ चतामली शहीद भगत सिंह की विचारधारा एवं व्यक्तित्व पर आधारित कविताएं प्रस्तुत करेंगे।
मालवा हेक संगीत मंडली, जगदीश पापड़ा के नेतृत्व में क्रांतिकारी गीत-संगीत प्रस्तुत करेगी। समारोह में प्रसिद्ध चिंतक डॉ. कुलदीप सिंह, फिल्म अभिनेत्री गुरप्रीत भंगू और अभिनेता मलकीत रौणी भी विशेष रूप से शामिल होंगे।






