शाहाबाद 28, सितंबर 2026 (संजीव शर्मा): प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि रक्तदान को महादान कहा जाता है, क्योंकि रक्तदान से दुर्घटना में घायल तथा अन्य जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायता मिलती है। रक्तदान एक पुनीत कार्य है और समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को सेवा भावना के साथ इसमें योगदान देना चाहिए।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं हेल्पर समिति शाहबाद मारकंडा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा की सेवा समर्पण और मानवता की भावना से आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रेरणादाई उदाहरण है।
इस मौके पर एचएससीएआरडीबी के अध्यक्ष सुभाष कलसाना ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा की सेवा संकल्प अभियान के तहत ही यह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है । रक्तदान महादान है हम सबको रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर रक्त किसी के काम आ सके।
इससे पहले कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने चैयरमेन सुभाष कलसाना के कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, सुशील राणा, बीबी करतार कौर, राजदीप कौर, सतपाल जी, इशु सचदेवा, सुपार्शव जैन, लक्की राणा, रवि खेड़ा, तिलक राज सहित कई गणमानय व्यक्ति उपस्थित थे।






