पंचकूला, 29 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): पंचकूला की धरती आज उस समय युवाओं के जोश, खेल भावना और नशा मुक्त भारत के संकल्प की गवाह बनी, जब हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ताऊ देवी लाल खेल परिसर, सेक्टर-3 स्थित क्रिकेट मैदान में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रेरणास्रोत अमर शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। ग्रैंड फिनाले के दौरान 4 अक्टूबर तक मुख्य मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में पंचकूला में ही नमो क्रिकेट लीग-2026 की ट्रॉफी का अनावरण किया था।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही नमो क्रिकेट लीग में 5 राज्यों की 3,200 से अधिक टीमों और 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया है। विभिन्न राज्यों में जीत हासिल करने के बाद 32 टीमें यहां पहुंची हैं। यह लीग 4 अक्टूबर तक चलेगी। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट, सहयोगी संस्थाओं, आयोजन समिति, कोचों, स्वयंसेवकों और सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस लीग का नाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम और उनके सेवा-संकल्प से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत माना है। उन्होंने खेलों को स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा है। उनके प्रयासों से ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था जैसी पहलों के माध्यम से देश में खेलों का नया माहौल बना है।
आज छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों से निकलकर हमारे बेटे-बेटियां दुनिया के मंच पर तिरंगे का गौरव बढ़ा रहे हैं। यही बदलते भारत की पहचान है। इसकी झलक इन दिनों जापान में चल रहे एशियाई खेलों में भी देखने को मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों बसे हुए हैं। ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हों, हरियाणा के खिलाड़ियों ने बार-बार साबित किया है कि छोटा प्रदेश होने के बावजूद हमारा हौसला बहुत बड़ा है।
यह हौसला हाल ही में ग्लासगो में आयोजित 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में भी देखने को मिला। इन खेलों में भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदकों सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में मिली इन उपलब्धियों का श्रेय प्रदेश के खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेल नीति को जाता है। हरियाणा की खेल नीति स्पष्ट है—प्रतिभा की पहचान करना, खिलाड़ियों का सम्मान करना और खेलों को मजबूत आधार प्रदान करना। प्रदेश सरकार खेल नर्सरियों, आधुनिक स्टेडियमों, प्रशिक्षण सुविधाओं, नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों के माध्यम से खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। पिछले लगभग 12 वर्षों के दौरान प्रदेश के 17,544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। इसके अलावा, 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेलों का मजबूत बुनियादी ढांचा होना बेहद जरूरी है। पिछले लगभग 12 वर्षों के दौरान खेलों के बुनियादी ढांचे पर करीब 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, खेल प्रतिभाओं की तलाश करने और उन्हें निखारने के लिए प्रदेश में खेल नर्सरियों का जाल बिछाया गया है। प्रदेश में 2,000 खेल नर्सरियां खोली गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। आज इस मंच से हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो हम स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को नशा करने देंगे, बल्कि उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित खिलाड़ियों और आम लोगों को नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में चेयरमैन श्री मोहन लाल कौशिक, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवनगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भोपाल खदरी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।






