कुरुक्षेत्र, 29 सितम्बर,2026 (संजीव शर्मा): नगर परिषद थानेसर के कार्यकारी अधिकारी ने राजेश कुमार ने कहा कि नगर परिषद थानेसर द्वारा सरकार के दिशा-निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र के मार्गदर्शन में आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला में अगला विशाल शिविर 2 अक्टूबर 2026 को जनता स्कूल कुरुक्षेत्र परिसर में प्रात: 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
कार्यकारी अधिकारी ने राजेश कुमार ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न विभागों जैसे हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग निगम लिमिटेड, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा पशुपालन और डेयरी विभाग, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा कौशल विकास मिशन, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बागवानी विभाग, विकास और पंचायत विभाग, रोजगार विभाग, ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (हरियाणा राज्य इकाई), हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी, उद्योग और वाणिज्य विभाग कि विभिन्न शासकीय सेवाओं, संबंधी कार्यों का त्वरित एवं सुगम समाधान प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद थानेसर एवं कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन का यह निरंतर प्रयास है कि आम नागरिकों को अपने प्रशासनिक एवं नागरिक सेवाओं के कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसलिए 2 अक्टूबर 2026 को जनता स्कूल कुरुक्षेत्र में लगने वाले इस सेवा सेतु शिविर में जिला कुरुक्षेत्र के सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौके पर ही उपस्थित रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं।






