पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मुद्दा केवल एक कानूनी अपराध का मामला नहीं है। यह सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं, पंजाब की सामाजिक शांति, राज्य की कानून-व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। इसलिए ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026’ को लेकर चल रही चर्चा को केवल राजनीतिक टकराव के रूप में देखना इसकी वास्तविक गंभीरता को कम करना होगा।
पंजाब विधानसभा ने 13 अप्रैल 2026 को यह संशोधन कानून पारित किया। इसका मुख्य उद्देश्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के लिए और अधिक कड़ी सजा का प्रावधान करना है। कानून में कुछ परिस्थितियों में उम्रकैद और भारी जुर्माने की व्यवस्था की गई है। अपराध की साजिश और उसके उद्देश्य के आधार पर सजाएं अलग-अलग हैं। विधेयक के उद्देश्यों और कारणों में भी सरकार ने कहा कि बेअदबी की घटनाओं के माध्यम से अमन और सामुदायिक सद्भावना को नुकसान पहुंचाने वाली कोशिशों को रोकने के लिए कानून के जरिए भय पैदा करने वाली और निवारक सजाएं जरूरी हैं।
लेकिन कानून की ताकत केवल सजा की कठोरता में नहीं होती, बल्कि उसकी परिभाषा, लागू करने की प्रक्रिया और संवैधानिक टिकाऊपन भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं।
यहीं श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से उठाई गई आपत्तियां महत्वपूर्ण हो जाती हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, आपत्तियों में सिख धार्मिक शब्दावली, ‘बीर’ और ‘स्वरूप’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल, ‘कस्टोडियन’ की परिभाषा, धार्मिक मर्यादा के उल्लंघन को अपराध बनाने, केंद्रीय रजिस्टर, विशिष्ट पहचान संख्या और डिजिटल रिकॉर्ड जैसे प्रावधान शामिल हैं। श्री अकाल तख्त साहिब ने यह भी सवाल उठाया है कि धार्मिक संस्थाओं और गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े मामलों में सरकारी हस्तक्षेप की सीमा कहां तक होनी चाहिए।
इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 27 सितंबर को सात सदस्यीय समिति के साथ लगभग दो घंटे बैठक की। समिति में धार्मिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ सेवानिवृत्त न्यायाधीश, पूर्व IPS अधिकारी और कानूनी विशेषज्ञ शामिल हैं। सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित पांच सदस्यीय समिति के साथ विस्तृत विचार-विमर्श और सहमति बनाने की बात कही है।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट मत है कि उम्रकैद और भारी जुर्माने वाले मुख्य दंडात्मक प्रावधानों को कमजोर नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने अन्य आपत्तियों पर कानूनी, संवैधानिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से विचार करने की तैयारी भी दिखाई है।
यहां पंजाब के सामने वास्तविक चुनौती है—“कड़े कानून और सही कानून” के बीच अंतर। बेअदबी जैसे अपराध के लिए प्रभावी रोकथाम जरूरी है, लेकिन दोष साबित करने के लिए स्पष्ट परिभाषाएं, निष्पक्ष जांच, साक्ष्यों के मानक, न्यायिक प्रक्रिया और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा भी आवश्यक है। कठोरता यदि कानूनी स्पष्टता से जुड़ी हो तो विश्वास पैदा करती है, लेकिन अस्पष्टता भविष्य में कानूनी विवादों का कारण बन सकती है।
इसलिए अब जरूरत किसी पक्ष की जीत या हार की नहीं, बल्कि ऐसे कानून की है जो धार्मिक भावनाओं के सम्मान, संवैधानिक मर्यादा और न्यायिक कसौटी—तीनों पर खरा उतर सके।
बेअदबी रोकने के लिए कानून का हाथ मजबूत हो, लेकिन कानून की भाषा स्पष्ट हो; सजा कठोर हो, लेकिन प्रक्रिया न्यायपूर्ण हो; और धार्मिक सम्मान की रक्षा हो, लेकिन संवैधानिक जिम्मेदारियां भी कायम रहें।
यही संतुलन इस संशोधन की वास्तविक कसौटी है।
छत्रपाल सिंह






