कुरुक्षेत्र 29 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): भगवान परशुराम कॉलेज कुरुक्षेत्र में सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज में मतदाता जागरूकता और मतदाता पंजीकरण, वॉकल फोर लोकल और सरकारी योजनाओं के बारे मे जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ सुरेश कुमार ने कार्यक्रम को शुभारंभ करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज तत्पर है इसीलिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। अभी गत दिनों में कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में उत्साह से बढक़र भाग लिया। इसी प्रकार की गतिविधियों से व्यक्तित्व का विकास होता है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. सतीश शर्मा ने बताया कि आज के इस कार्यक्रम में डॉ दिलबाग सिंह सरकारी योजनाओं के बारे में, सागरिका वॉकल फोर लोकल और सुनील मराठा जिला चुनाव कार्यालय कुरुक्षेत्र मुख्य वक्ता है। सुनील मराठा ने बताया कि मैं स्वयं भी इसी कॉलेज का छात्र रहा हूं और छात्र जीवन में विभिन्न गतिविधियों जैसे स्पोर्ट्स सांस्कृतिक कार्यक्रम में भागीदारी की, उसी का परिणाम है कि आज शिक्षक होते हुए भी चुनाव कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर जिम्मेदारी निभा रहा हूं। आज हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण चल रहा है, उसी कड़ी में कोई भी योग्य मतदाता छूट नहीं जाना चाहिए। इसलिए मतदाताओं को जागरूक किया जाना जरूरी है। युवाओं को वोट जरूर बनवाना चाहिए ताकि लोकतंत्र में हमारी भागीदारी सुनिश्चित हो सके, मध्यम वर्गीय परिवारों की भारत के लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। योग्य मतदाता किस प्रकार ऑनलाइन वोट बनवा सकता है या बीएलओ के माध्यम से वोट बनवा सकता है। लेकिन वोट जरूर बनवाए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी वोटर कार्ड महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। 2002 में भी एसआईआर हुई थी उससे डाटा मैच होना चाहिए। अमित ने बताया कि फार्म 6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा करवा सकते हैं। आपको हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में फॉर्म भरना चाहिए। मकान नं, जन्म प्रमाण पत्र, पते के प्रमाण के लिए बैंक पासबुक, बिजली गैस कनेक्शन का बिल जो कि एक साल से पहले का हो पते के प्रमाण के तौर पर लगाया जा सकता है। वोट के साथ फोन नंबर जरुर जोड़ना चाहिए। इस अवसर पर अनिल मैहला जिला चुनाव कार्यालय उपस्थित रहे।





