Wednesday, September 30, 2026
HomeHaryanaसेवा संकल्प अभियान के तहत यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को लेकर...

सेवा संकल्प अभियान के तहत यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को लेकर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित

टोहाना, 30 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्री दुर्गा महिला महाविद्यालय में एनएसएस यूनिट एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम आकाश शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम में ऋषिपाल, विकास ठकराल एवं शिल्पा चोपड़ा भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री दुर्गा महिला समिति के सचिव अनिल कुमार की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया। किरण मंगला ने मुख्य अतिथि एसडीएम आकाश शर्मा तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क पर नियमों का नियमित रूप से पालन करके न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की जान की भी सुरक्षा की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि परिवहन के साधनों की संख्या लगातार बढ़ने के साथ सड़कों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक हो गया है। यातायात के नियम किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा एवं जीवन की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पेंटिंग जैसे रचनात्मक माध्यमों के जरिए यातायात सुरक्षा का संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रतियोगिता में प्रस्तुत की गई पेंटिंग्स की सराहना करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

पेंटिंग प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 24 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा किरण ने प्रथम, बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा सानिया ने द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मंजू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सोनिया एवं पलक को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि एसडीएम आकाश शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी रेखा रामधारी ने मुख्य अतिथि, सभी अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन, स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. मंजूषा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments