कुरुक्षेत्र 30 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशानिर्देशों और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में आज कुरुक्षेत्र जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्कूल वेलनेस गतिविधि तथा लोहार माजरा में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिक्षण संस्थानों में आयोजित वेलनेस गतिविधि का मुख्य विषय योग के माध्यम से वेलनेस का संवर्धन रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम, मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली, दैनिक दिनचर्या और पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। आयुष चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा तनाव नियंत्रण के लिए नियमित योगाभ्यास, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए योग सहायकों द्वारा योग का व्यावहारिक प्रदर्शन और अभ्यास भी कराया गया। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लोहार माजरा में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 252 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. जागीर और होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। फार्मासिस्ट रण सिंह, विकास ने दवा वितरण व स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग किया।

योग प्रशिक्षक स्वाति ने उपस्थित नागरिकों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया, जबकि योग सहायक सोनिका ने योग गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया। शिविर की व्यवस्थाओं और जन सहभागिता में आशा कार्यकर्ता बबलेश व सुमन के साथ-साथ शेर सिंह, विजय एवं अन्य स्टाफ का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयुष विभाग की टीम ने लोगों को नियमित योग, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसी के साथ एलएनजेपी अस्पताल के आयुष विंग द्वारा गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, थानेसर में योग-लाइफस्टाइल कैंप व अग्नि कर्म क्रिया का प्रदर्शन किया गया और विशेष संजीवनी योग सत्र चलाया गया। वहीं, व्यायामशाला जोगन खेड़ा में मुख्य अतिथि पीटीआई प्रयाग दत्त की उपस्थिति में और व्यायामशाला रामगढ़ रोड़ में मुख्य अतिथि प्रिंसिपल अनिल की उपस्थिति में योग सत्रों का सफल आयोजन किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं और ग्रामीण अंचल के लोगों में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। योग और आयुर्वेद हमारी प्राचीन जीवनशैली का अभिन्न अंग है, जिन्हें अपनाकर हम एक स्वस्थ, रोग मुक्त और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते है। स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी ऐसे जन-कल्याणकारी शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रखेगा।






