पटियाला, 01 अक्टूबर, 2026 (हर्षलीन सिंह) पीआरटीसी को और मजबूत करने, आम लोगों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विभाग की आय में वृद्धि करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा लगातार महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जनहितैषी सोच और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीआरटीसी के बस बेड़े के विस्तार के साथ-साथ बस स्टैंडों, डिपो और अन्य बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इन प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पीआरटीसी के बेड़े में स्वयं के स्वामित्व वाली 100 नई जूनियर पीआरटीसी (मिडी) बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें से 10 बसें मुख्य कार्यालय पहुंच चुकी हैं, जबकि 40 बसें अगले दो दिनों में पहुंचेंगी और बाकी 50 बसें भी लगभग 20 अक्तूबर तक पीआरटीसी के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। इन कुल 100 बसों में से अधिक से अधिक बसों का संचालन पटियाला के पुराने बस अड्डे से किया जाएगा, ताकि हर वर्ग के लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा, स्वयं के स्वामित्व वाली 309 नई साधारण बड़ी बसें भी जल्द पीआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाएंगी। इस प्रकार पीआरटीसी के बस बेड़े में बड़े विस्तार से विभिन्न रूटों पर यात्रियों को अधिक और सुचारू परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
चेयरमैन जुनेजा ने बताया कि पीआरटीसी द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत भी 254 बसें पहले ही बस बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली है। बसों की संख्या में यह वृद्धि पीआरटीसी की सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार अधिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसी तरह पीआरटीसी द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पटियाला के नए बस स्टैंड को ओ एंड एम (ऑपरेट एंड मेंटेन) आधार पर संचालित किया गया है, जिससे विभाग की आय में वृद्धि के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही पुराने बस स्टैंड पटियाला को दोबारा शुरू करने के लिए निर्माण और बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्य प्रगति पर हैं। पुराने बस स्टैंड के दोबारा शुरू होने से लोगों को अधिक सुविधाजनक यात्री सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हरपाल जुनेजा ने बताया कि बठिंडा में पीपीपी मोड के माध्यम से आधुनिक और नई तकनीक से लैस बस स्टैंड के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं। इसके अलावा तलवंडी साबो बस स्टैंड के नवीनीकरण तथा बुढलाडा वर्कशॉप और बस स्टैंड के नवीनीकरण संबंधी कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से पीआरटीसी के बुनियादी ढांचे में और सुधार के साथ सेवाओं का विस्तार किया जा सकेगा।
चेयरमैन जुनेजा ने कहा कि पीआरटीसी को केवल बस सेवा तक सीमित रखने के बजाय इसकी उपलब्ध संपत्तियों और संसाधनों का बेहतर उपयोग करके संस्था के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी के तहत वेरका मिल्क प्लांट, सोलर रूफटॉप सिस्टम तथा रिटेल आउटलेट/पेट्रोल पंप जैसे प्रोजेक्टों के माध्यम से आय बढ़ाने और संस्था को आर्थिक रूप से और मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने कहा कि पीआरटीसी को एक मजबूत, आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनहितैषी परिवहन संस्था के रूप में विकसित करने के लिए बस बेड़े के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि, बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण और आय के नए स्रोत पैदा करने के कार्य एक साथ आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी की सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा आम लोगों को सुचारू एवं सुविधाजनक यात्री सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ये कार्य लगातार जारी रहेंगे।






