क्रिएटर्स ने साझा किया महाभारत की विरासत और डिजिटल अनुभव
कुरुक्षेत्र, 01 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाभारत अनुभव केंद्र, ज्योतिसर में विशेष इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य महाभारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नए और डिजिटल माध्यमों के जरिए युवा पीढ़ी एवं व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाना रहा। क्रिएटर्स ने केंद्र का भ्रमण कर यहां प्रस्तुत महाभारत की गाथा, इतिहास और विरासत को करीब से जाना तथा अपने अनुभवों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा किया।
यह पहल विकसित भारत की व्यापक सोच के अनुरूप भारत की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक, रचनात्मकता और डिजिटल माध्यमों से जोडऩे की दिशा में एक प्रयास रही। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े क्रिएटर्स ने महाभारत अनुभव केंद्र के विभिन्न अनुभवात्मक पहलुओं को देखा और अपने-अपने अंदाज में इसे दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया। क्रिएटर मीट के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि महाभारत से जुड़ी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक, अनुभवात्मक और डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत करने से नई पीढ़ी को इससे जोडऩे का एक नया अवसर मिलता है।
इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन के अधिकारी राजीव प्रसाद सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप निदेशक, पर्यटन हरियाणा राजपाल, असिस्टेंट जनरल मैनेजर राजपाल, एडिशनल डिविजनल मैनेजर विजेंद्र शर्मा, पब्लिसिटी इंचार्ज मीनाक्षी शर्मा तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

इस कार्यक्रम के दौरान सभी सहभागी क्रिएटर्स को उनके सक्रिय सहयोग, सहभागिता एवं महाभारत की विरासत को डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाने के प्रयास के लिए प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हरियाणा पर्यटन द्वारा आयोजित यह पहल सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल कहानी-कहने, क्रिएटिव कंटेंट और युवा सहभागिता से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही। महाभारत अनुभव केंद्र, ज्योतिसर के माध्यम से महाभारत की गौरवशाली विरासत को आधुनिक अनुभव के साथ प्रस्तुत करते हुए देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी है।






