Thursday, October 1, 2026
HomeHaryanaपंचकूला के योजनाबद्ध विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को...

पंचकूला के योजनाबद्ध विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की पंचकूला के विकास कार्यों की समीक्षा

 हरियाणा, 01 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के योजनाबद्ध, सर्वांगीण और आधुनिक विकास को नई गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की मौजूदा जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने पंचकूला में बेहतर नागरिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे, सुचारू यातायात व्यवस्था, पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, बेहतर पार्कों, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं के साथ-साथ स्मार्ट सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

विभाग अपनी जमीन की पहचान कर उसे कब्जामुक्त करवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, पीएमडीए, एचएसआईआईडीसी सहित सभी विभाग अपनी जमीन की पहचान कर उसे कब्जामुक्त करवाएं। साथ ही अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि उस जमीन पर दोबारा कब्जा न हो। उन्होंने कहा कि सेक्टर 7, 11 और 17 की रेहड़ी मार्केट में पालिका बाजार चंडीगढ़ की तर्ज पर मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा माजरी चौक पर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए इसे री-डिजाइन कर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में जाम की समस्या न हो।

पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 100 एमएलडी क्षमता बढ़ाने पर किया जाए काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़क मंगोली के लोगों को 7,500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाए। पंचकूला के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए भाखड़ा से आने वाले पानी की क्षमता में 100 एमएलडी की वृद्धि करने पर काम किया जाए। इसके अलावा कालका में भी पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान करने पर काम किया जाए।

उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र में वर्षा जल को एकत्र करने के लिए बांध बनाया जाए, ताकि जल संरक्षण किया जा सके। इसके साथ ही कौशल्या बांध की क्षमता बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका में मल्टी-स्टोरी लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। कालका में गौशाला के पास 5 ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। इनमें से दो लगाए जा चुके हैं और बाकी लगाने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के लिए दो गौशालाओं की पहचान कर उनमें पशुओं को भेजने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मनसा देवी के आसपास बनाया जाएगा कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनसा देवी मंदिर के आसपास कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके लिए भी प्रस्ताव तैयार कर उसे अमलीजामा पहनाया जाए। सकेतड़ी के पास 117 एकड़ जमीन पर ग्रीन बेल्ट के साथ गोल्फ क्लब और बॉटनिकल पार्क बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाए।

इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों पर 5,470 कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की निगरानी और विश्लेषण के लिए डायल-112 पुलिस भवन में कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला नगर परिषद के साथ-साथ कालका और पिंजौर में सीसीटीवी कैमरे आदि लगाने के लिए 6-लाइन वाली विशेष ऑप्टिकल वायर बिछाई जाए, ताकि भविष्य में इसका अन्य कार्यों के लिए भी उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि कैमरों के माध्यम से वाहनों के चालान ऑनलाइन किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि साढ़े 9 एकड़ में बनने वाले शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसमें 10, 20 और 50 मीटर की विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं की फाइनल शूटिंग की जा सकेगी। रेंज का काम पूरा होने के बाद इसमें हॉस्टल का निर्माण भी करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन पार्क से सिंह नाला चो को पक्का करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर 20/21 और बेल फैक्ट्री परशुराम चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन को मजबूत किया जा रहा है। शहर के सभी चौकों के सौंदर्यीकरण पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सर्विस रोड के साथ घास की कटाई और सफाई करवाने के निर्देश दिए।

पंचकूला में दो एसटीपी 6-6 एमएलडी और एक 10 एमएलडी क्षमता सहित कुल तीन एसटीपी बनाए जा रहे हैं। लेजर वैली पार्क का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। अटल पार्क का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

नागरिकों की 183 शिकायतों में से 162 समस्याओं का समाधान

पीएमडीए के सीईओ एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त और सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अब तक नागरिकों की 183 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 162 समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। सर्विस रोड को ठीक करने के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के किनारे रंग-रोगन कर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और 2 में सड़कों की मरम्मत का कार्य 16.80 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

बैठक में आयुक्त एवं सचिव यूएलबी श्री अशोक मीणा, एचएसवीपी के प्रशासक एवं मुख्यमंत्री के उप मुख्य सचिव श्री अजय कुमार, ओएसडी श्री पंकज नैन, उपायुक्त पंचकूला श्री सतपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पीएमडीए के अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments