पटियाला, 02 अक्टूबर, 2026 (जगजीत सिंह): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराई जा रही मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) का कार्य पूरे पटियाला जिले में 100 प्रतिशत पूरा हो गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी, पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि जिले के सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों—109 नाभा (एससी), 110 पटियाला ग्रामीण, 111 राजपुरा, 113 घनौर, 114 सनौर, 115 पटियाला, 116 समाना और 117 शुतराणा (एससी)—ने एसआईआर 2026 की प्रक्रिया 100 प्रतिशत पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा तथा मतदाता सूची से संबंधित उनके सवालों और शंकाओं के समाधान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, पटियाला के कार्यालय (मिनी सचिवालय, ब्लॉक-ए, कमरा नंबर 320) के अलावा जिले भर में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के कार्यालयों में भी ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित किए गए हैं।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा ईआरओ कार्यालयों में तैनात समूचा चुनाव अमला इस प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत रहा है।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूचियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सवाल या शंका की स्थिति में स्थापित किए गए हेल्प डेस्क से संपर्क करें तथा चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग दें।