कुरुक्षेत्र, 6 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता, पैरा विधिक स्वयंसेवक, पुलिस अधिकारी तथा समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारी विधिक जागरूकता वाहन में उपस्थित होकर पारस कॉलोनी, कीर्ति नगर, लायलपुर कॉलोनी एवं गांधी नगर में पहुंचे। जिसके अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता द्वारा आमजन को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की गरीबी उन्मूलन के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी योजना 2015, तेजाब हमलों के पीड़ितों को विधिक सेवाएं प्रदान करने संबंधी योजना 2016 तथा वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवाएं प्रदान करने संबंधी योजना 2016 के संबंध में जागरूक किया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि पुलिस अधिकारी द्वारा नशे की रोकथाम एवं जागरूकता संबंधी राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा आमजन को नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील किया गया। समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की शिक्षा संबंधी योजना 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इसके उद्देश्यों एवं लाभों से आमजन को अवगत कराया गया। इस दौरान आमजन को साइबर अपराध, डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में भी जागरूक किया गया। ठगी गई राशि की वसूली में सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क विधिक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।





