Saturday, October 17, 2026
HomeHaryanaमंत्री ने दिए सख्त निर्देश, हरियाणा के अधिकारियों की ली बैठक

मंत्री ने दिए सख्त निर्देश, हरियाणा के अधिकारियों की ली बैठक

एस.ई., एक्स.ई.एन. समेत वरिष्ठ अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन फील्ड में जाकर सड़कों का निरीक्षण करने के निर्देश

हरियाणा, 17 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने डीएलपी (डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड) यानी दोष दायित्व अवधि के दौरान सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क खराब होने के बावजूद यदि संबंधित एजेंसी समय पर उसकी मरम्मत नहीं करती है, तो विभाग कार्रवाई करने में देरी नहीं करेगा। ऐसी एजेंसी की बैंक गारंटी जब्त कर विभाग अपने स्तर पर कर्मचारी, रोलर और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क की मरम्मत करवाएगा।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने ये निर्देश हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह, अतिरिक्त सचिव श्री हितेश कुमार मीणा, मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारियों सहित एसीएस पीडब्ल्यूडी, ईआईसी (बिल्डिंग्स), ईआईसी (रोड्स), सभी संबंधित एसई और एक्सईएन शामिल हुए।
बैठक में कार्य योजना वर्ष 2026-27, सड़कों की स्थिति, ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों, हरसेक परियोजना, मॉडल रोड तथा सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
श्री गंगवा ने कहा कि प्रदेश में लगभग 19 हजार किलोमीटर सड़कें डीएलपी अवधि के अंतर्गत हैं। इन सड़कों के रखरखाव और समय पर मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीएलपी अवधि वाली सड़कों की नियमित निगरानी की जाए और सड़क में किसी भी प्रकार की खराबी सामने आने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मरम्मत के लिए शिकायत मिलने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर सड़कों की स्थिति का निरीक्षण करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करवाएं।
मंत्री ने कहा कि सड़कें आम लोगों की दैनिक आवाजाही से सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं। इसलिए इनके रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसई, एक्सईएन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन फील्ड में जाकर सड़कों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं सड़क में खराबी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments