फतेहाबाद, 17 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला भाजपा कार्यालय ‘उदय कमल’, फतेहाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना के बल पर ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और समाज सेवा के संकल्प को लेकर कार्य करने वाला संगठन है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती केवल बैठकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि कार्यकर्ताओं के निरंतर जनसंपर्क, सक्रियता और सेवा कार्यों से दिखाई देती है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाए। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और उसकी भूमिका महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव तथा युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के समन्वय से भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, जनसेवा और राष्ट्रहित ही हमारा मूल संकल्प है। इसी संकल्प के साथ जिला फतेहाबाद का प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, बलदेव ग्रोहा, राजपाल बैनीवाल, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास ललोदा, जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, इंद्र गावड़ी, सविता टूटेजा, डा. सुमन बजाज, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू गुर्जर, आईटी सैल प्रमुख सुभाष साहू, मन की बात प्रमुख विक्रम शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





