Thursday, November 5, 2026
HomeHaryanaव्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध:...

व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

जिला व्यापार मंडल और जालंधर चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का किया स्वागत

जालंधर/हरियाणा, 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जालंधर में जिला व्यापार मंडल और जालंधर चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के प्रतिनिधियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर व्यापार और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि व्यापारियों और उद्योगपतियों के हितों का ध्यान रखना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। उद्योगों के विस्तार से निवेश को बढ़ावा मिलता है, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उद्यमियों को अनुकूल माहौल मिले, ताकि वे नए निवेश और अपने कारोबार के विस्तार के लिए प्रोत्साहित हों।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर विदेशी निवेश सहित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की है और कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

हरियाणा में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नई पहल

हरियाणा सरकार ने उद्योगों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न नीतिगत पहल की हैं। हरियाणा की औद्योगिक नीति-2026 तथा एमएसएमई और निर्यात को बढ़ावा देने से जुड़ी पहलों का उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

सरकार द्वारा पात्र उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्योगों के विकास के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही डिजिटल प्रक्रियाओं के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रोत्साहन राशि का समय पर वितरण करने को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार उद्यमियों के सुझावों को महत्व देती है और औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से देश में व्यापार और उद्योग के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में व्यापारियों, उद्योगपतियों और उद्यमियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments