संगरूर, 19 अक्टूबर, 2026 (जगजीत सिंह): पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जिला अस्पताल संगरूर और पटियाला के अस्पताल में पहुंचकर गांव अलीशेर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने हादसे में आठ लोगों की मौत पर गहरा दुख और अफसोस व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में अनमोल जिंदगियों का चले जाना बेहद दुखद है और प्रभावित परिवारों को हुआ यह नुकसान कभी पूरा नहीं किया जा सकता।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि घायलों का उपचार सिविल अस्पताल, संगरूर और सरकारी राजिंदरा अस्पताल, पटियाला में चल रहा है। श्री गोयल ने कहा कि उन्होंने डॉक्टरों और मरीजों से विस्तार से बातचीत की है। अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सा दल उनकी देखभाल कर रहे हैं।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घायलों को आवश्यक दवाइयां, जांच और अन्य चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी सेहत की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। इस दुख की घड़ी में उन्हें सहारा देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है और घायलों का मुफ्त एवं बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि इस हादसे के कारण पूरे लहरागागा विधानसभा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के साथ दुख साझा कर रहे क्षेत्रवासियों की भावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में आपसी सहयोग और संवेदना प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनते हैं।
उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।






