Thursday, November 5, 2026
HomeHaryana‘मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना’ से मजबूत हो रही है प्रदेश के बच्चों...

‘मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना’ से मजबूत हो रही है प्रदेश के बच्चों और माताओं की पोषण स्थिति

बच्चों में कम वजन और स्टंटिंग की समस्या में तेजी से आई कमी

हरियाणा, 20 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण तथा उत्तम स्वास्थ्य की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में अगस्त 2020 से सफलतापूर्वक संचालित ‘मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना’ (MMDUY) राज्य में कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य 1 से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध करवाना है। इसके तहत प्रदेशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक उत्पाद का वितरण सप्ताह में दो दिन सुनिश्चित किया जा रहा है।

योजना के तहत दिए जाने वाले पौष्टिक आहार की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि लाभार्थियों को विटामिन-ए और डी-2 जैसे आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर 200 मिलीलीटर फोर्टिफाइड स्किम्ड मिल्क, 45 ग्राम का माइक्रोन्यूट्रिएंट इंस्टेंट खीर मिक्सचर और 30 ग्राम का प्रोटीन मिल्क बार उपलब्ध करवाया जा रहा है। ये उत्पाद बच्चों की दैनिक जरूरत के अनुसार प्रोटीन और कैलोरी की पूर्ति करने में सहायक हैं।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस योजना के लागू होने से प्रदेश के बच्चों में कम वजन और बौनेपन (स्टंटिंग) की समस्या में तेजी से कमी आई है। इसके साथ ही कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इन पौष्टिक आहारों के वितरण से आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का संकल्प है कि ‘बेहतर पोषण, स्वस्थ बचपन, सशक्त हरियाणा’ के विजन को साकार करते हुए राज्य के प्रत्येक बच्चे और मां का सर्वांगीण स्वास्थ्य विकास सुनिश्चित किया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments