Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaधान उठान में तेजी लाएं खरीद एजेंसियां, मंडियों में जाम की स्थिति...

धान उठान में तेजी लाएं खरीद एजेंसियां, मंडियों में जाम की स्थिति न बनने दें: डी.सी. डॉ. विवेक भारती

टोहाना/जाखल, 21 अक्तूबर, 2026 (संजीव शर्मा): मंडियों में धान के उठान कार्य में तेजी लाकर खरीदी गई फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करें, ताकि मंडियों में अनाज का अनावश्यक जमाव न हो और नई फसल की आवक के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। उठान में देरी से खरीद प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े।
यह निर्देश डीसी डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को टोहाना, जाखल और धारसूल की अनाज मंडियों का दौरा कर धान खरीद एवं उठान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे उठान कार्य में लगे ठेकेदारों की सुबह और शाम नियमित मॉनिटरिंग करे तथा खरीद और उठान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न होने दे।

उठान में देरी न हो, अधिकारी नियमित निगरानी रखें

टोहाना में डीसी ने धान उठान की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान की आवक के अनुरूप उठान कार्य लगातार जारी रहना चाहिए, ताकि मंडी में फसल का ढेर न लगे और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो। इसके लिए खरीद एजेंसियां और संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें। उन्होंने उठान ठेकेदारों के कामकाज की सुबह-शाम निगरानी सुनिश्चित करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

प्रति एकड़ औसत से अधिक उपज होने पर सरकार की हिदायत अनुसार खरीद सुनिश्चित करेंगे

जाखल अनाज मंडी में डीसी ने किसानों से बातचीत कर धान खरीद से संबंधित समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल सरकार की हिदायतों अनुसार समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। किसान की औसत प्रति एकड़ से अधिक उपज है तो वे किसान संबंधित मंडी सचिव को लिखित आवेदन दें। ऐसे मामलों में नियमानुसार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर  धान की खरीद सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करते हुए खरीद प्रक्रिया सुचारु बनाए रखें।

मंडियों में मूलभूत सुविधाएं बनाए रखें

धारसूल अनाज मंडी में डीसी डा. विवेक भारती ने धान खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को खरीद कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली और तौल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। खरीद, उठान और मंडी प्रबंधन से जुड़े अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखें, ताकि किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीसी ने स्पष्ट किया कि धान खरीद सीजन के दौरान खरीद और उठान व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। संबंधित अधिकारी मंडियों में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ किसानों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम आकाश शर्मा, आरटीए संजय बिश्नोई, डीएफएससी कुशल बूरा सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments