Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaत्योहारों के सीजन में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज करें: आरती सिंह...

त्योहारों के सीजन में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज करें: आरती सिंह राव

हरियाणा , 22 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने त्योहारों के सीजन को देखते हुए राज्य में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को हर जिले में खाद्य पदार्थों के 100 से 150 सर्विलांस सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यभर में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। विशेष रूप से दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दूध और दूध से बने उत्पादों की बढ़ती खपत को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत हरियाणा के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला प्रशासन की निगरानी में संबंधित नामित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से जिला स्तर पर विशेष खाद्य निगरानी टीमें गठित करें। ये टीमें प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, दूध विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी तथा निगरानी के लिए सैंपल लेंगी, ताकि घटिया गुणवत्ता वाले, मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान की जा सके।

जिला स्तर पर गठित विशेष निगरानी टीमों को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से लिए जाने वाले सैंपलों के अतिरिक्त प्रत्येक जिले में 100 से 150 सर्विलांस खाद्य सैंपल लेने का लक्ष्य दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना, अधिक से अधिक बाजारों को अभियान के दायरे में लाना और पूरे राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान मिठाइयों, दूध, पनीर, खोया, घी और अन्य आम इस्तेमाल की खाद्य वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डॉ. मनोज कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी सर्विलांस सैंपल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए जाएं, उनका उचित दस्तावेजीकरण किया जाए और जांच के लिए समय पर संबंधित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजा जाए। प्रयोगशालाओं से प्राप्त जांच रिपोर्टों की नियमित निगरानी की जाएगी। निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले सैंपलों के मामलों में नियमों के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से FDA मुख्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगशालाओं से प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर घटिया गुणवत्ता वाले और असुरक्षित पाए गए खाद्य सैंपलों से संबंधित आंकड़े हर सप्ताह विभाग के राज्य पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। इस व्यवस्था से सैंपलों की जांच रिपोर्ट, जिलेवार प्रगति और की गई नियामक एवं प्रवर्तन कार्रवाई की व्यवस्थित निगरानी सुनिश्चित होगी। साथ ही, आम जनता में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक लिए गए 2,428 खाद्य सैंपल

डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि हरियाणा में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक कुल 1,239 प्रवर्तन (Enforcement) सैंपल और 1,189 निगरानी (Surveillance) सैंपल लिए। इस अवधि में कुल 2,428 खाद्य सैंपल एकत्र किए गए।

प्रयोगशाला जांच के बाद इनमें से 232 प्रवर्तन सैंपल और 149 निगरानी सैंपल निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों और विनियमों के संबंधित प्रावधानों के अनुसार आवश्यक नियामक एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगरानी सैंपलों की जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिपोर्ट की तुरंत समीक्षा करेंगे। जहां आवश्यक होगा, वहां निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अलग से प्रवर्तन सैंपल लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि विभाग मजबूत खाद्य सुरक्षा निगरानी व्यवस्था, जिला प्रशासन के साथ समन्वित कार्रवाई, प्रयोगशाला रिपोर्टों की नियमित समीक्षा और खाद्य सुरक्षा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सभी खाद्य कारोबार संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करें तथा घटिया, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री न करें।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आम जनता से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहें, विश्वसनीय स्रोतों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और खाद्य मिलावट या खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावी निगरानी, पारदर्शिता और सख्त नियामक कार्रवाई के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments