विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वस्थ जीवनशैली, योग एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक
पिहोवा, 23 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): आयुष विभाग ने शुक्रवार को डीएवी कॉलेज पिहोवा में आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों, योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के दौरान आयुष विभाग की टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऋतुचर्या, दिनचर्या, महिला सशक्तिकरण तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने दैनिक जीवन में अच्छी स्वास्थ्य संबंधी आदतें अपनाने, संतुलित दिनचर्या बनाए रखने तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस शिविर में विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इसमें योग सहायकों ने विभिन्न योगाभ्यास करवाए और उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पडऩे वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने योग सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित योगाभ्यास के महत्व को समझा। चिकित्सा शिविर के दौरान आयुर्वेदिक ओपीडी में 100 तथा होम्योपैथिक ओपीडी में 86 मरीजों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। वहीं, 82 विद्यार्थियों ने योग सत्र में भाग लिया। शिविर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति रुचि दिखाई।

शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रगति भूटानी और डॉ. मेहक गर्ग, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका पूनिया, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट रितु रानी, होम्योपैथिक फार्मासिस्ट साल्विया तथा योग सहायक पूनम और सुनीता ने अपनी सेवाएं प्रदान की। आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, योग तथा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस प्रकार के शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।






