Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaजिला स्तरीय बाल भवन प्रतियोगिताओं में शांति निकेतन स्कूल का शानदार प्रदर्शन

जिला स्तरीय बाल भवन प्रतियोगिताओं में शांति निकेतन स्कूल का शानदार प्रदर्शन

फतेहाबाद, 28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक स्कूल, ढिंगसरा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय बाल भवन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, गांव और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जिला स्तरीय बाल भवन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को बाल भवन द्वारा जिला स्तरीय ग्रुप डांस एवं सोलो डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शांति निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुति, बेहतरीन तालमेल और आकर्षक नृत्य शैली के दम पर प्रथम स्थान व सोलो डांस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा दूसरी की होनहार छात्रा माही पुत्री श्री धर्मबीर सिंह ने पूरे फतेहाबाद जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में प्रथम व तृतीय स्थान प्राप्त करना विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।
प्रधानाचार्य श्री रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री बाघेला ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही दिशा और प्रोत्साहन देना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस सफलता के लिए विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे और विद्यालय, गांव तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments