केदारनाथ, 29 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह ताजा बर्फबारी होने से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फ से ढके मंदिर और आसपास के पहाड़ों के मनमोहक दृश्यों ने वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई श्रद्धालुओं ने इन खूबसूरत पलों को अपने कैमरों में कैद किया और सेल्फी लेकर इन्हें यादगार बनाया। हालांकि, बर्फबारी के कारण क्षेत्र में ठंड का असर भी काफी बढ़ गया है।
रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी मौसम ने करवट ली। सुबह से ही जिला मुख्यालय सहित ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्रों में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर हल्की बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई।
केदारनाथ धाम के कपाट सर्दियों के लिए 11 नवंबर को बंद किए जाने निर्धारित हैं। इससे पहले भगवान के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। बर्फबारी और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है और यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
इस यात्रा सीजन के दौरान अब तक 18.53 लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को 8,376 श्रद्धालुओं ने माथा टेका, जिससे इस सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,53,032 हो गई। कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के कारण धाम में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।
सर्दियों की शुरुआत के साथ केदारनाथ धाम में हुई बर्फबारी ने जहां प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा दिया है, वहीं यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठंड और बदलते मौसम को ध्यान में रखना भी जरूरी हो गया है।






