पंचकूला , 31 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा के साथ-साथ समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को आगे साझा करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच अवश्य करें और अफवाहों तथा भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बातों से बचें। उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज में विश्वास और सद्भावना को बढ़ा सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन पर फूलों की वर्षा की और स्वयं भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति के उत्साह और भारत की एकता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ आयोजित इस दौड़ का संदेश पूरे देश में जाएगा कि हम सभी एक हैं और भारत की एकता एवं अखंडता को हमेशा बनाए रखेंगे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के समय भारत के सामने अनेक चुनौतियां थीं। देश विभाजन के दर्द से गुजर रहा था और सैकड़ों रियासतों को एक राष्ट्र के सूत्र में पिरोने की कठिन जिम्मेदारी सामने थी। स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, बातचीत के कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, नीयत साफ हो और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि हो, तो असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की विरासत को अपने आचरण में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी भाषाएं, पहनावे और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा संविधान, हमारा तिरंगा और हमारी राष्ट्रीय पहचान हमें एक सूत्र में बांधती है। हर भाषा और संस्कृति का सम्मान करके तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में भागीदार बनकर हम राष्ट्रीय एकता को अपने दैनिक जीवन में और मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरित ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया है। विभिन्न राज्यों की भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बीच संवाद और निकटता बढ़ाने का यह प्रयास देशवासियों को एक-दूसरे के और करीब लाता है।

गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके महान योगदान का स्मारक है। यह हमें याद दिलाती है कि एकजुट राष्ट्र अपनी मेहनत और संकल्प से कितनी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए राष्ट्र सेवा एक गौरवशाली परंपरा रही है। हमारे जवान सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, किसान खेतों में मेहनत करते हैं और खिलाड़ी विश्व के खेल मैदानों में तिरंगे का गौरव बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कल, 1 नवंबर को हरियाणा अपने गठन के 60 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर की पूर्व संध्या पर हम सभी संकल्प लें कि प्रदेश की प्रगति के साथ-साथ देश की एकता को भी और मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई।
‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच युवाओं और बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। यह दौड़ एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्य, पुलिस उपायुक्त कुमारी अदिति सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन श्री जसमेर बंजारा, एसडीएम पंचकूला कुमारी मन्नत राणा, एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।






