फ्लोरिडा (अमेरिका), 02 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में रविवार, 1 नवंबर 2026 को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। पाम बीच काउंटी के रिहायशी इलाके में एक निजी विमान लियरजेट-60 (Learjet 60) अचानक अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा। विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ और घटनास्थल पर आग लग गई। विमान का मलबा आसपास के इलाके में फैल गया।
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसे बहामास के नॉर्थ एलुथेरा हवाई अड्डे पहुंचना था। स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 12:50 बजे विमान क्रेश्टहेवन के निकट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी थी चेतावनी
हादसे से पहले विमान के कॉकपिट से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजे गए रेडियो संदेशों में खराब मौसम जैसी परिस्थितियों का जिक्र किया गया था। पायलट ने विमान में बर्फ जमने , मध्यम स्तर की वायु अशांति और बारिश के बीच उड़ान भरने की जानकारी दी थी। इसके साथ ही सुरक्षित और आरामदायक उड़ान परिस्थितियों के लिए बेहतर ऊंचाई पर जाने की मांग भी की गई थी।
रेडियो संचार के अनुसार, इसके कुछ ही समय बाद विमान तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। पायलट ने ‘Mayday, Mayday’ कहकर आपातकालीन स्थिति घोषित की। शुरुआती संदेश में विमान के लगभग 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरने की जानकारी दी गई। इसके बाद गिरने की गति बढ़कर करीब 20,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।
कॉकपिट से अंतिम क्षणों में पायलट की आवाज सुनाई दी, जिसमें उसने कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।” इसके बाद आखिरी संदेश में “हमारे पास समय खत्म हो गया है” कहा गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान की नीचे गिरने की गति एक समय 32,000 फीट प्रति मिनट से भी अधिक दर्ज की गई।
हादसे के बाद करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने घटनास्थल के निकट मीडिया से बातचीत करते हुए हादसे को बेहद भयावह बताया। उन्होंने कहा कि विमान तेजी से नीचे आता हुआ किसी मिसाइल जैसा दिखाई दे रहा था और जमीन से टकराते ही जोरदार विस्फोट हुआ। विमान के मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक फैल गए।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दुर्घटनास्थल के पास मोबाइल होम समुदाय में रहने वाले लगभग 600 लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव दल ने इलाके में कार्रवाई की और प्रभावित लोगों के लिए आश्रय की व्यवस्था की। शुरुआती अधिकारियों के बयानों के मुताबिक, जमीन पर मौजूद लोगों के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
NTSB ने शुरू की जांच, हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा
अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि विमान अचानक इतनी तेजी से नीचे क्यों गिरा और क्या मौसम, विमान में बर्फ जमने, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण ने दुर्घटना में भूमिका निभाई।
FAA के रिकॉर्ड के अनुसार, यह बॉम्बार्डियर कंपनी द्वारा निर्मित लियरजेट-60 विमान था और इसका पंजीकृत स्वामित्व डेलावेयर स्थित एक कंपनी के नाम था। फिलहाल दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






