Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaजनहित के मामलों को प्राथमिकता से निपटाएं अधिकारी: एस.डी.एम. आकाश शर्मा

जनहित के मामलों को प्राथमिकता से निपटाएं अधिकारी: एस.डी.एम. आकाश शर्मा

टोहाना, 2 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को एसडीएम कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम आकाश शर्मा ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई एवं निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सुशासन को भी सुदृढ़ बना रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निपटान किया जाए। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की संतुष्टि ही प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदन का समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जाए तथा उसकी प्रगति से आवेदक को भी अवगत कराया जाए। एसडीएम ने बताया कि समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान एवं बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments