Wednesday, November 18, 2026
HomeNationalवायु प्रदूषण से बेहाल भारत: दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में...

वायु प्रदूषण से बेहाल भारत: दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारतीय, श्रीगंगानगर पहले स्थान पर

नई दिल्ली, 10 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग) :  देश में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9:54 बजे दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 49 शहर भारत के दर्ज किए गए। राजस्थान का श्रीगंगानगर 821 AQI के साथ सूची में पहले स्थान पर रहा, जबकि पाकिस्तान का लाहौर 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर दर्ज किया गया।

दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। मंगलवार सुबह 6 बजे दिल्ली के चांदनी चौक में AQI 400 के पार दर्ज किया गया। राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से अधिक रहा।

भोपाल, उज्जैन और बहादुरगढ़ में भी प्रदूषण गंभीर स्तर पर

मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन के साथ हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार पहुंच गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा में 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 AQI दर्ज किया गया।

इस बीच, तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मध्य प्रदेश में रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और उत्तर प्रदेश में 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

400 से अधिक AQI स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत

वायु गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुसार, 201 से 300 तक AQI को खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। गंभीर स्तर का प्रदूषण केवल पहले से बीमार लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है।

तमिलनाडु में बारिश, उत्तराखंड के पांच जिलों में भी संभावना

प्रदूषण के बीच देश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। तमिलनाडु के थूथुकुडी सहित कई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments