कुरुक्षेत्र / पिहोवा, 11 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): शुगर फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन एवं हरियाणा पंजाबी साहित्य संस्कृत अकादमी के निदेशक सरदार हरपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण चौकीदारों को बड़ी सौगात देते हुए उनका मासिक मानदेय 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये करने की घोषणा की है। इसके साथ ही चौकीदारों को अब कर्मचारी राज्य बीमा ईएसआईका लाभ भी मिलेगा। स. हरपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वर्दी भत्ता, साइकिल भत्ता और अन्य जरूरी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की घोषणा करके इस वर्ग को त्यौहारों का तोहफा दिया है।
हरपाल सिंह ने कहा कि चौकीदार समाज की सुरक्षा और विश्वास के सच्चे प्रहरी हैं। गांवों में होने वाली प्रत्येक मृत्यु का रिकॉर्ड हरियाणा के 5201 पदों पर तैनात चौकीदार परिवार पहचान पत्र पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर रहे हैं। उनकी यह जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच को आगे बढ़ाते हुए सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2019 में ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान शुरू किया था। इस अभियान ने देश की राजनीति और सामाजिक सोच को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चौकीदारों की सेवाओं का सम्मान करती है और उनके हित में लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में चौकीदारों का मानदेय 3500 रुपये से बढ़ाकर 7000 रुपये किया गया था। इसके बाद फरवरी 2024 में इसे बढ़ाकर 11 हजार रुपये मासिक किया गया। सरकार ने चौकीदारों को गृह विभाग से विकास एवं पंचायत विभाग में लाने का निर्णय लिया और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ईपीएफ की सुविधा भी दी। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर 2 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया।
भत्तों में भी की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक अब ग्रामीण चौकीदारों का मासिक मानदेय श्रम विभाग की ओर से अकुशल श्रमिकों के लिए निर्धारित वेतन के बराबर होगा। इसे 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये किया जाता है। वार्षिक वर्दी भत्ता 4 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपये, लाठी, बैटरी, सीटी और छाते का वार्षिक भत्ता 1 हजार से बढ़ाकर 1500 रुपये तथा साइकिल भत्ता 3500 से बढ़ाकर 5 हजार रुपये किया जाता है।
52 लाख लोगों के खातों में सरकार ने कुल 4470 करोड़ 77 लाख रुपए भेजे
हरियाणा में 52 लाख लोगों के खातों में सरकार ने कुल 4470 करोड़ 77 लाख रुपए जारी किए। ये रकम प्रदेश सरकार की अलग-अलग 21 सामाजिक योजनाओं की है। इनमें बुढ़ापा-विधवा व बेसहारा पेंशन शामिल है। इसके अलावा लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख 59 हजार महिलाओं के खाते में पैसे गए हैं। योजना में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए मिलते हैं। सीएम नायब सिंह सैनी ने योजनाओं की ये राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। हर महीने इन योजनाओं का पैसा 10 तारीख को मिलता है, जबकि इस बार 4 दिन पहले ही खातों में ट्रांसफर किया गया।







