लाडवा, 13 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपमंडल अधिकारी नागरिक राजेश कुमार सोनी ने कहा कि समाधान शिविर प्रदेश सरकार की एक अनोखी पहल और बहुत ही लाभदायक योजना है, जिसके अनुसार प्रदेशवासियों को अपने कार्य के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ता एक ही छत के नीचे उनकी समस्याओं का समाधान हो जाता है और सरकार की सभी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी समाधान शिविर के माध्यम से मिल जाती है।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी वीरवार को लाडवा उपमंडल स्थित एसडीएम कार्यालय में समाधान शिविर के दौरान संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने समाधान शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को कहा कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि नागरिकों को दोबारा से उस समस्या के लिए प्रशासन के चक्कर ना लगाने पड़े।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की परिवार पहचान पत्र से संबंधित कोई भी समस्या हो जैसे परिवार की आय या किसी का नाम कटवाना या किसी परिवार सदस्य का नाम जुड़वाना, जमीन से संबंधित कोई समस्या, बिजली, पानी आदि से जुड़ी कोई भी समस्याओं का समाधान इस शिविर के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा बुढ़ापा, विधवा, विकलांगता पेंशन आदि समस्याओं का तुरंत प्रभाव से निवेदन पत्र पर कार्यवाही की जाती है। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहते हैं।







