Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaहरियाणा का किसान अपनी मेहनत और पसीने से देश के अन्न भंडार...

हरियाणा का किसान अपनी मेहनत और पसीने से देश के अन्न भंडार भरने में निभा रहा है अहम भूमिका : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा, 13 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति और कृषि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। हरियाणा का किसान अपनी मेहनत और पसीने के बल पर देश के अन्न भंडार भरने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश के किसानों ने कृषि क्षेत्र में अपनी मेहनत से हरियाणा को एक अलग पहचान दिलाई है। हरियाणा सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान, फसल का उचित मूल्य, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती, मिट्टी की सेहत और फसल विविधीकरण के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें, बल्कि आधुनिक तकनीक, नई फसलों और कृषि आधारित उद्योगों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कृषि सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेहनती किसानों ने अपनी लगन और परिश्रम से न केवल हरियाणा को कृषि क्षेत्र में अग्रणी बनाया है, बल्कि देश के अनाज भंडार भरने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच हमेशा किसान की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। इससे किसानों को बीज, खाद और कृषि दवाइयों जैसी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है और उन्हें छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि किसान पर खेती की लागत का बोझ कम हो और उसे अपनी उपज का उचित मूल्य मिले। इसी दिशा में केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर किसानों के हित में अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू कर रही हैं।

सिंचाई व्यवस्था के लिए लगातार किया जा रहा है काम

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। अमृत सरोवर योजना के तहत लगभग 2,000 तालाबों पर काम किया जा रहा है। नए तालाबों का निर्माण और पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो और भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार नहरों और ड्रेनों की मरम्मत, पुनर्वास और सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और उपलब्ध पानी का अधिकतम उपयोग कृषि कार्यों में हो। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा देने के लिए 100, 200 और 500 एकड़ के क्लस्टर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इन क्लस्टरों में बड़े जल भंडारण टैंक बनाए जाएंगे, जिनमें लगभग एक महीने की आवश्यकता के अनुसार पानी जमा किया जा सकेगा। इन टैंकों से सोलर पंपों के माध्यम से फव्वारा सिंचाई प्रणाली द्वारा खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इससे कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

रेणुकाजी, किशाऊ और लखवार बांधों से हरियाणा को मिलेगा अतिरिक्त पानी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पांच राज्यों के बीच रेणुकाजी, किशाऊ और लखवार बांध परियोजनाओं को लेकर समझौता किया गया है। इन परियोजनाओं से प्राप्त होने वाला पानी हरियाणा सहित दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को भी उपलब्ध होगा। इन परियोजनाओं से भविष्य में पानी की उपलब्धता को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक जल स्रोतों का बेहतर प्रबंधन किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।

प्रदेश में एमएसपी पर खरीद की गारंटी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की गारंटी दी है। प्रदेश सरकार किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करना और धान जैसी अधिक पानी की खपत वाली फसलों पर निर्भरता कम करना है। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इसके लिए मोरनी ब्लॉक में किसानों के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत बिना रासायनिक खादों और कीटनाशकों के प्राकृतिक तरीके से खेती करने वाले किसानों की उपज को खेत से ही खरीदने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों की रुचि लगातार बढ़ रही है। पोर्टल पर 40 लाख से अधिक किसानों द्वारा लगभग डेढ़ लाख हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत करवाया गया है। वर्तमान में करीब 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि पंचायतों की कृषि योग्य भूमि और कृषि विभाग की जमीन को भी किसानों को 10 साल की लीज पर प्राकृतिक खेती के लिए देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ (हैफेड) को मंडियों में प्राकृतिक खेती से पैदा हुए अनाज की खरीद की जिम्मेदारी दी गई है। खरीद से पहले उपज की प्रयोगशाला में जांच भी करवाई जाएगी। बागवानी किसानों को बाजार में उचित मूल्य दिलाने और नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘भावांतर भरपाई योजना’ लागू की गई है।

मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए की जा रही है मिट्टी की जांच

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और रासायनिक खादों तथा कीटनाशकों के जरूरत से अधिक इस्तेमाल को कम करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में जिला और ब्लॉक स्तर पर मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से किसानों की जमीन की मिट्टी की जांच की जा रही है। लगभग 40 से 45 लाख किसानों की जमीन की मिट्टी का परीक्षण करके उन्हें बताया जाता है कि उनके खेत में कितनी मात्रा में खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल आवश्यक है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कुरुक्षेत्र में 2,000 एकड़ का विशेष क्लस्टर विकसित करने की घोषणा भी की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments