Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची के दो लाख से अधिक युवाओं को दी...

हरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची के दो लाख से अधिक युवाओं को दी सरकारी नौकरियां, सरकार बनने पर पंजाब में भी लागू होगी यही नीति

चंडीगढ़, 14 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरवरी में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां के नशा कारोबारी या तो यह काम छोड़ देंगे या फिर राज्य छोड़कर चले जाएंगे। पंजाब और हरियाणा में नशे के सौदागरों को नहीं रहने दिया जाएगा। पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार वे पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि छह महीने में नशा खत्म कर दिया जाएगा, लेकिन यहां हर दिन नशे का दलदल बढ़ता गया, जिसमें राज्य की युवा पीढ़ी धंसती चली गई। इसके बावजूद सरकार के पास नशा खत्म करने के लिए न तो कोई नीति है और न ही नीयत।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति बनाई जा रही है। इस तरह के बड़े संकल्पों को केवल भाजपा सरकार ही पूरा कर सकती है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस केवल झूठे वादों के सहारे वोट लेना जानती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले चुनावों में वादा किया था कि पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी, लेकिन आज मुख्यमंत्री टेलीविजन पर गर्व से बताते हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में 60 हजार नौकरियां दी हैं। ये नौकरियां भी प्रभावशाली लोगों के बच्चों को भ्रष्टाचार के सहारे मिली हैं, जिससे मेहनती और गरीब युवाओं के सपनों को सरकार ने कुचल दिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने राज्य में कितने मोहल्ला क्लीनिक खोले, इनमें कितने लोगों का मुफ्त इलाज हुआ और लोगों को यहां कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा की तीन करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर साल पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। इसके तहत अब तक 40 लाख लोगों ने मुफ्त इलाज करवाया है, जिस पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से 6,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में चुनाव से पहले भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया था, जिसे सरकार बनने के तुरंत बाद ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के रूप में पूरा किया गया। सरकार ने अपने पहले ही बजट में इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये और दूसरे बजट में 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। अब तक इस योजना के तहत 10 लाख से अधिक महिलाओं को 2,500 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने पांच साल पहले महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा किया था, जिसे अब चुनाव नजदीक आने पर वोट हासिल करने की मंशा से लागू किया गया है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार चुटकुलों की सरकार बनकर रह गई है। लेकिन जनता अब समझने लगी है कि चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, सरकार नहीं चलती। आज पंजाब की जनता को मिलकर फैसला करना है कि राज्य को गुमराह करने वालों को वोट की चोट से सबक सिखाना है और पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए यहां नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार बनानी है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी मान सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां शांति और अमन-चैन कायम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां भी हरियाणा की नीतियां लागू की जाएंगी, जहां किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाती है और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में दो लाख मेहनती और योग्य युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, जबकि पंजाब में अधिकतर भर्तियां अदालती मामलों में फंसी हुई हैं। कभी नंबर-एक पर रहने वाला पंजाब आज सरकार की गलतियों के कारण विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। पिछले 12 वर्षों में 1.60 लाख परिवारों को रहने के लिए मकान दिए गए हैं। जिन लोगों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं थी, उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में 100 वर्ग गज और शहरी क्षेत्रों में 30 वर्ग गज के प्लॉट भी दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता भाजपा को वोट देकर राज्य के विकास को चुने।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी, श्री अरुण वालिया, देवेंद्र वालिया, सुशील रिंकू, जिला अध्यक्ष श्री अशोक सरीन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री दिनेश ढल्ल, एम.डी. प्रिंस चोपड़ा, पार्षद रवि कुमारी, गुरप्रीत विक्की और बबलू पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments