60 से अधिक बच्चों ने लिया भाग, साइकिलिंग के माध्यम से बच्चों ने दिया फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कुरुक्षेत्र, 17 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): बाल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर कुरुक्षेत्र की ओर से स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 60 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने साइकिल चलाकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में माई भारत नेहरू युवा केंद्र की यूथ कोऑर्डिनेटर सुरमयी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर पूर्व जिला खेल अधिकारी यशवीर सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों को खेलों के महत्व, शारीरिक फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में साई एसटीसी कुरुक्षेत्र के प्रशिक्षक नरेंद्र ठाकुर, सोहन लाल, साहिल हॉकी कोच, सुनील हैंडबॉल कोच और पूनम शर्मा जिम्नास्टिक कोच सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें नियमित साइकिलिंग एवं खेल गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में साई एसटीसी कुरुक्षेत्र के असिस्टेंट डायरेक्टर विजय कुमार मनचंदा तथा क्षेत्रीय केंद्र सोनीपत की क्षेत्रीय प्रमुख रितु पथिक का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना, साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा फिट इंडिया एवं स्वस्थ भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।







