Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaगोपाष्टमी पर मोरनी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया ‘माटी वंदन...

गोपाष्टमी पर मोरनी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया ‘माटी वंदन अभियान’ और ‘नमो मोरनी मिशन’ का शुभारंभ

पंचकूला, 18 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गोपाष्टमी के अवसर पर मोरनी से ‘माटी वंदन अभियान’ और ‘नमो मोरनी मिशन’ का शुभारंभ करते हुए मोरनी को देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक विकसित करने के उद्देश्य से यहां के किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मोरनी के किसानों की प्रत्येक समस्या का समाधान एक ही छत के नीचे करने के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर 01733-297010 शुरू किया जाएगा। मोरनी में कृषि, बागवानी तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग का संयुक्त कार्यालय बनाया जाएगा। तब तक तीनों विभागों के अधिकारी नमो भवन (पहले गेटी भवन) में बैठेंगे। बाद में इसे कृषि विभाग को सौंपकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे तथा जैविक खाद, बीज और दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि तीनों विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और उनकी मोरनी में तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोरनी, पंचकूला में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राकृतिक/जैविक खेती किसान मेले का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ‘माटी वंदन पखवाड़े’ का भी शुभारंभ किया और इसका पोस्टर जारी किया। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा और कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने नमो मोरनी मिशन की घोषणा करते हुए कहा कि इस मिशन के तहत वर्ष 2029 तक मोरनी को सिक्किम की तर्ज पर आदर्श जैविक खेती ब्लॉक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत किसानों को प्रति बीघा के आधार पर सुविधाएं देने का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग की वाटिका में जैविक खेती का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जाएगा, जहां किसानों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी भी सीख सकेंगे। इसके अलावा मिट्टी परीक्षण, बायो लैब, पोषण परीक्षण और कीटनाशक अवशेष परीक्षण की चार आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। ये प्रयोगशालाएं मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना को भी मजबूत करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ और राज्य सरकार के सहयोग से मिकाडा द्वारा ड्रिप सिंचाई पर 85 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। भूमि संरक्षण शाखा की ओर से रिटेनिंग वॉल, चेक डैम और छोटे तालाब बनाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए छोटे कृषि उपकरणों पर 75 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अब उपज भी मोरनी की होगी, ब्रांड भी मोरनी का होगा और मंडी भी मोरनी में ही होगी। हैफेड जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीद के लिए नोडल एजेंसी होगी और इन उत्पादों को ‘मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश’ ब्रांड के नाम से बाजार में उतारेगी। ऑनलाइन बिक्री के लिए ऐप बनाया जाएगा और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड मोरनी में ही ऑर्गेनिक मंडी विकसित करेगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूरा मोरनी ब्लॉक जैविक ब्लॉक होगा। अगले तीन वर्षों में मोरनी ब्लॉक की लगभग 5,600 एकड़ भूमि को 60:40 के अनुपात में विकसित किया जाएगा, जिसमें कृषि के लिए 3,360 एकड़ और बागवानी के लिए 2,240 एकड़ भूमि शामिल होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन को 5,000 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं। उन्होंने मोरनी ब्लॉक में 5,000 रुपये अतिरिक्त यानी कुल 10,000 रुपये प्रति माह देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मोरनी में आयोजित किसान मेले में गेहूं और सब्जियों के बीज, जैविक खाद तथा सब्जियों की पौध निःशुल्क वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मोरनी का किसान केवल फसल नहीं उगाएगा, बल्कि अपना ब्रांड भी बनाएगा। उसे मंडी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि बाजार उसके दरवाजे तक आएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना, मिट्टी की सेहत में सुधार करना, शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाना और मोरनी के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देना सरकार का उद्देश्य है। किसानों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से लागत कम होती है, जमीन की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है और उपज के बेहतर दाम मिलते हैं। किसानों को इस मिशन में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और इसे अपना मिशन बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती के इस सफर में मोरनी सबसे आगे होगा। जिस प्रकार सिक्किम ने देश को रास्ता दिखाया है, उसी तरह मोरनी भी देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां के किसान अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की हरियाणा इकाई के साथ मिलकर एपिकल रूट कटिंग तकनीक से आलू की पौध तैयार कर रहे हैं। इसके लिए पॉलीहाउस लगाने पर लागत का 70 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) दिया जाता है। शेष 30 प्रतिशत खर्च किसान स्वयं वहन करते हैं। मोरनी में अब तक 15 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं, जिनमें हर साल 15 से 20 लाख आलू की पौध तैयार होती है। यह पौध केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के किसानों तक भी पहुंच रही है। इससे मोरनी के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

उन्होंने उपस्थित किसानों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे धरती को रासायनिक जहर से मुक्त करेंगे, प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाएंगे, वर्ष 2029 तक मोरनी को देशभर में पहचान दिलाने वाला आदर्श मॉडल बनाएंगे और विजन-2035 के तहत हरियाणा को प्राकृतिक खेती में अग्रणी बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से प्रदेश में ‘स्वस्थ माटी – समृद्ध किसान और सुरक्षित भविष्य, स्वस्थ राष्ट्र’ के मूल मंत्र के साथ माटी वंदन पखवाड़े का शुभारंभ किया गया है। इस पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में 15 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें किसान, डॉक्टर, युवा, व्यापारी, जागरूक नागरिक और कृषि वैज्ञानिक भाग लेंगे, ताकि यह केवल सरकारी योजना न रहकर जन आंदोलन बने। 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिक्किम सहित अन्य राज्यों के कृषि वैज्ञानिक अपने अनुभव और मॉडल साझा करेंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा विजन-2035 के तहत हरित क्रांति 2.0 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी सोच के तहत वर्ष 2022 में प्राकृतिक खेती योजना शुरू की गई थी। आज लगभग 2 लाख किसानों ने करीब 3 लाख एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया है और लगभग 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। लक्ष्य है कि वर्ष 2030-31 तक डेढ़ लाख एकड़ भूमि पर वास्तविक रूप से प्राकृतिक एवं जैविक खेती की जाए। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र, हमेटी जींद, मांगेयाणा सिरसा और घरौंडा करनाल में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। गुरुकुल में राज्य सलाहकार नियुक्त किया गया है और अब तक 13 हजार 300 प्रतिभागियों तथा 6 हजार 234 सरपंचों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं सहायता समूहों, एफपीओ और किसानों द्वारा लगाए गए प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की शुरुआत की है, जिसे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरियाणा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का विजन रखा है। इसके तहत वर्ष 2047 तक देश की कृषि योग्य भूमि का 20 प्रतिशत हिस्सा प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है और किसान इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने मोरनी ब्लॉक को हरियाणा का पहला प्राकृतिक एवं जैविक खेती मॉडल ब्लॉक विकसित करने के लिए चुने जाने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह इस क्षेत्र के किसानों, प्राकृतिक खेती से जुड़े लोगों और पूरे मोरनी क्षेत्र के निवासियों के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मोरनी ब्लॉक को प्राकृतिक खेती के मॉडल ब्लॉक के रूप में विकसित करने की यह पहल केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के किसानों के भविष्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, चेयरमैन श्री मोहन लाल बड़ौली, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवीनगर, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति डॉ. बी.आर. कंबोज, महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेश कुमार, ओएसडी श्री वीरेंद्र सिंह बड़खालसा और श्री भारत भूषण भारती, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा सहित कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments