Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaमेसोपोटामिया और मिस्र से भी पुरानी है सरस्वती-सिंधु घाटी की सभ्यता:धुमन सिंह...

मेसोपोटामिया और मिस्र से भी पुरानी है सरस्वती-सिंधु घाटी की सभ्यता:धुमन सिंह किरमच

सोमनाथ मंदिर के बाद सबसे बड़ा मंदिर था थानेसर का ऐतिहासिक चक्र स्वामी मंदिर, सरस्वती नदी के तट पर स्थित इस मंदिर को 1014  में गजनी ने लूटा था, अब सरस्वती बोर्ड ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रयासों से चक्र स्वामी की मूर्ति वापिस लाने की शुरु की है कवायद, सरस्वती के किनारे स्थित प्राचीन धरोहर से आमजन को रुबरु करवाने के लिए एक योजना पर किया जा रहा है काम, कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक चक्र स्वामी मंदिर की प्राचीन मूर्ति अफगानिस्तान से भारत लाने की किए जाएंगे प्रयास, उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने विदेश मंत्रालय को भगवान चक्र स्वामी की मूल प्रतिमा की वापसी के लिए हस्तक्षेप करने का किया आग्रह

कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि मेसोपोटामिया और मिस्र की सभ्यता से पुरानी हमारे देश की सरस्वती-सिंधु घाटी सभ्यता है। इस सभ्यता से आमजन को रुबरु करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर एक सुझाव रखा गया है। इस सुझाव के तहत सरस्वती किनारे जितनी भी प्राचीन धरोहर है, उनको आमजन के सामने लेकर आने का प्रयास किया जाएगा ताकि सरस्वती-सिंधु घाटी सभ्यता की धरोहरों से आमजन को रुबरु करवाया जा सके। अहम पहलू यह है कुरुक्षेत्र में एक बहुत ही प्राचीन भगवान चक्र स्वामी का मंदिर होता था। इस मंदिर में स्थिति प्रतिमा के अफगानिस्तान में मौजूद होने के प्रमाण मिलते है।
उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच बुधवार को स्थानीय जाट धर्मशाला में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से अफगानिस्तान में स्थित भगवान चक्र स्वामी की ऐतिहासिक प्रतिमा की पहचान, संरक्षण और भारत में वापसी के लिए कूटनीतिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने इस संबंध में विदेश मंत्री को पत्र लिखकर भगवान चक्र स्वामी की प्रतिमा को भारत वापस लाने के लिए अफगानिस्तान सरकार के साथ कूटनीतिक संवाद शुरू करने की मांग भी की है। भगवान चक्र स्वामी (चक्रस्वामिन) की ऐतिहासिक प्रतिमा मूल रूप से थानेसर, वर्तमान कुरुक्षेत्र, हरियाणा की पवित्र भूमि से संबंधित थी। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार 11वीं शताब्दी में महमूद गजनवी के थानेसर पर आक्रमण के दौरान भगवान चक्र स्वामी के मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया था और मंदिर की प्रमुख कांस्य प्रतिमा को गजनी ले जाया गया था।
उन्होंने प्रसिद्ध इतिहासकार अलबरूनी के लेखन का हवाला देते हुए बताया कि उनकी पुस्तक अलबरुनीस इंडिया में चक्रस्वामिन की कांस्य प्रतिमा का उल्लेख मिलता है। अलबरूनी के विवरण के अनुसार यह प्रतिमा लगभग मानव आकार की थी और गजनी के घुड़दौड़ मैदान में रखी गई थी। ऐतिहासिक अभिलेखों में यह भी उल्लेख मिलता है कि थानेसर का चक्र स्वामी मंदिर उस समय कुरुक्षेत्र के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक था। भगवान चक्रस्वामी केवल एक प्राचीन प्रतिमा नहीं, बल्कि कुरुक्षेत्र की सभ्यतागत, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि महाभारत और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश से जुड़ी हुई है। ऐसे में इस ऐतिहासिक धरोहर की वापसी भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि अफगानिस्तान सरकार के साथ कूटनीतिक संवाद स्थापित कर प्रतिमा की वर्तमान स्थिति और स्थान का पता लगाया जाए, वहां के ऐतिहासिक संग्रहालयों, पुरातात्विक स्थलों एवं अन्य संभावित स्थानों तक जानकारी और पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), इतिहासकारों तथा अंतरराष्ट्रीय विरासत विशेषज्ञों की सहायता से प्रतिमा की प्रामाणिक पहचान की जाए। यदि प्रतिमा की तत्काल भारत वापसी संभव नहीं हो, तो अफगानिस्तान में उसके संरक्षण, उचित दस्तावेजीकरण और थानेसर हरियाणा से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों को सार्वजनिक रूप से मान्यता दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। भगवान चक्र स्वामी की प्रतिमा को भारत वापस लाना देश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ कुरुक्षेत्र की प्राचीन सभ्यता और धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments