कुरुक्षेत्र, 19 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विकास कुमार ने कहा कि प्रशासन की तरफ से लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए लघु सचिवालय के सभागार में सप्ताह में हर सोमवार व वीरवार कार्य दिवस में समाधान शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक किया जा रहा है। इन समाधान शिविरों में लोगों को अपनी समस्याएं रखनी चाहिए। अहम पहलू यह है कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अधिकारियों का बकायदा शेड्यूल बनाया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार अधिकारी समाधान शिविरों में आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहे है।
डीडीपीओ विकास कुमार वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रशासन की तरफ से लगाए गए समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इससे पहले डीडीपीओ विकास कुमार ने क्रिड और अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को सुना और अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया है और शेष समस्याओं का जल्द समाधान करने के लिए सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में समय पर पहुंचना सुनिश्चित करे और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करे। इस विषय को गंभीरता के साथ लेना है और लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद समाधान भी करना है।

उन्होंने कहा कि अगर लोग हर विभाग से सम्बन्धित समस्या को समाधान शिविर में लेकर आएंगे और इस शिविर में बैठे अधिकारी लोगों की समस्या का समाधान करेंगे तभी सरकार का मकसद पूरा हो पाएगा। सरकार ने लोगों की हर प्रकार की समस्या का समाधान करने के लिए एक ही छत के नीचे समाधान शिविर लगाने का निर्णय लिया। इस मौके पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।







